बुलंद सोच, उज्जैन।
बड़नगर मार्ग स्थित दादू आश्रम के महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज और शुजालपुर में रहने वाली 30 वर्षीय युवती के बीच सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद एक-दूसरे पर गंभीर आरोप-प्रत्यारोप का मामला सामने आया है। युवती के खिलाफ महामंडलेश्वर ने महाकाल थाने में हनी ट्रैप में फंसाने और ब्लैकमेलिंग करने की शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, युवती ने महिला थाने में महामंडलेश्वर के विरुद्ध दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया है। अब पुलिस इन दोनों आवेदनों पर जांच कर रही है।
महामंडलेश्वर का पक्ष
महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज ने 18 जुलाई को महाकाल थाने में युवती के खिलाफ ब्लैकमेलिंग और हनी ट्रैप की साजिश में फंसाने का आरोप लगाते हुए आवेदन प्रस्तुत किया। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनका संपर्क युवती से फेसबुक पर हुआ था। महामंडलेश्वर के अनुसार, युवती अपने मुंह बोले भाई के साथ मिलकर उन्हें फंसाने के हथकंडे अपना रही है। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि युवती उनके साथ इंदौर के राजा रघुवंशी जैसी घटना को अंजाम देना चाहती थी। महामंडलेश्वर ने बताया कि युवती उन्हें मुंह बोले भाई के साथ भेड़ाघाट ले जा रही थी। उन्हें वहां से गिरा दिए जाने की आशंका हुई, जिसके बाद वे सलकनपुर से किसी तरह अपनी जान बचाकर आए। महामंडलेश्वर ने आरोप लगाया कि युवती उनसे 50 लाख रुपए का मकान और 25 लाख रुपए नकद मांग रही है। उन्होंने यह भी बताया कि युवती ने अपने हाथ से 1 लाख 51 हजार रुपए का चेक भरकर रुपए निकाल लिए। महामंडलेश्वर के कथनानुसार, युवती उन्हें जबरदस्ती मक्सी रोड पर एक मकान खरीदने के लिए ले गई। रास्ते में ही वे पंवासा थाने पर रुक गए और वहां पुलिस को घटना बताई। पंवासा पुलिस ने उन्हें महाकाल थाने जाने की सलाह दी। महामंडलेश्वर ने बताया कि उनके पास मरने के अलावा कोई रास्ता नहीं था, लेकिन उन्होंने ऐसा न करने का विचार किया और कानून का सहारा लिया। उन्होंने पुलिस को सबूत भी दिए हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
युवती के आरोप
युवती ने पुलिस को दिए अपने शिकायती आवेदन में बताया कि वह उज्जैन दादू आश्रम के महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज से एक कार्यक्रम में मिली थी। उन्होंने उसका नंबर लिया और सोशल मीडिया पर सर्च कर रिक्वेस्ट भेजकर दोस्ती की। युवती ने कहा कि वह भक्ति भाव में विश्वास रखती है, इसलिए गुरुजी से दोस्ती के बाद सोशल मीडिया पर बातचीत होती रही। पिछले साल 2025 में गुरु पूर्णिमा पर महामंडलेश्वर ने उसे बुलाया। युवती सदावल स्थित आश्रम आई और धार्मिक गतिविधि में शामिल होने के उद्देश्य से आश्रम में रुक गई। रात को उसे प्रसादी के रूप में खीर दी गई, जिसे खाने के बाद वह कमरे में सोने चली गई। अगले दिन नींद से जागने पर उसे महसूस हुआ कि उसके साथ गलत हुआ है। जब उसने गुरुजी से इस बारे में बात की, तो उन्होंने कहा कि परेशान मत होना, तुमने गुरु पूर्णिमा पर गुरु दक्षिणा दी है और मैं तुम्हारे साथ हूं। युवती ने बताया कि जब उसने सबको हकीकत बताने और मीडिया पर उजागर करने की बात कही, तो उसे धमकाया और डराया गया। अधिक परेशान होने पर उसे शिकायत और कार्रवाई के लिए आगे आना पड़ा। उसने गृहमंत्री, डीजीपी, आईजी और उज्जैन एसपी को शिकायती आवेदन दिया है। युवती ने आरोप लगाया कि गुरुजी महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज ने उसके साथ दुष्कर्म किया है और उनके खिलाफ कार्रवाई कर उसे न्याय दिलाया जाए।
पुलिस का बयान
महाकाल थाना टीआई गगन बादल ने बताया कि दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं और शिकायतें दर्ज कराई हैं। युवती ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है, जबकि महामंडलेश्वर ने ब्लैकमेलिंग की शिकायत की है। उन्होंने कहा कि दोनों के बयानों में काफी विरोधाभास है। टीआई बादल के अनुसार, महामंडलेश्वर ने विवाह से संबंधित फोटो भी दिए हैं। पुलिस जांच के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचेगी।

