BREAKING NEWS
2026-08-14

मध्य प्रदेश पुलिस में 27,534 कर्मियों की पदोन्नति को कैबिनेट की मंजूरी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

मध्य प्रदेश सरकार ने प्रदेश पुलिस के 58 अलग-अलग संवर्गों में रिकॉर्ड 27,534 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति की है, जिसे पुलिस महकमे को दिया गया अब तक का सबसे बड़ा तोहफा बताया गया है।

Advertisement

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में 11 अगस्त को हुई मध्य प्रदेश मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक में इन पदोन्नतियों को मंजूरी दी गई। स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान बैठक में लिए गए निर्णयों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

कैबिनेट मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह के अनुसार, पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई है, जिसमें 58 संवर्गों में 27,534 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रमोशन किया गया है। इस फैसले से पुलिसकर्मियों में लंबे समय से चली आ रही पदोन्नति की प्रतीक्षा समाप्त हुई है और निचले स्तर पर खाली हुए पदों के चलते अब प्रदेश में नई पुलिस भर्तियों का मार्ग भी साफ हो गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार, 10 अगस्त को भोपाल के रवींद्र भवन में मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा आयोजित ‘आभार एवं सम्मान समारोह’ में इस जानकारी को साझा किया था।

समारोह में पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश के 58 संवर्गों में रिकॉर्ड 27,534 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पदोन्नति हुई है। उन्होंने इस पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस अधिकारियों ने सौंपे गए दायित्वों को बहुत अच्छे से निभाया है।

मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों के त्याग की सराहना करते हुए कहा कि पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर चोट और तनाव झेलते हैं। उन्होंने जोर दिया कि उनके परिश्रम को सम्मान तथा प्रोत्साहन देना सरकार की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश पुलिस अपनी देशभक्ति, जनसेवा, साहस और प्रतिबद्धता के बल पर देश की सबसे अच्छी पुलिस फोर्स में शामिल है।