बुलंद सोच, भोपाल।
मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन सदन के भीतर और बाहर जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का मुद्दा विधानसभा में जोर-शोर से गूंजा। संसदीय कार्य व नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय जब अग्निशमन विधेयक पर बोल रहे थे, तभी विपक्ष के विधायकों ने नीट मुद्दे पर हंगामा शुरू कर दिया। विधायक भंवर सिंह शेखावत ने कहा कि नीट पेपर लीक के विरोध में आंदोलन कर रहे छात्रों पर सरकार ने बर्बरता दिखाई है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि कैलाश विजयवर्गीय ने आंदोलन कर रहे बच्चों को ‘कीड़ा’ कहा है और उनसे माफी मांगने की मांग की। कैलाश विजयवर्गीय ने पलटवार करते हुए कहा कि नीट परीक्षा में शुरुआत में कुछ गड़बड़ियां सामने आई थीं। उन्होंने बताया कि सरकार ने सख्त कार्रवाई करते हुए दोबारा परीक्षा कराई और बड़ी संख्या में छात्रों का प्रवेश हो चुका है। विजयवर्गीय ने जंतर-मंतर पर आंदोलन को ‘प्रायोजित’ बताया।
मुख्यमंत्री कार्यालय के बाहर कांग्रेस का धरना
जंतर-मंतर लाठीचार्ज पर चर्चा की मांग ठुकराए जाने के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने सदन से बहिर्गमन किया। इसके बाद वे विधानसभा परिसर स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। कांग्रेसी विधायकों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। हालांकि, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और कैलाश विजयवर्गीय ने उन्हें उठाने का प्रयास किया, लेकिन कांग्रेस विधायक धरने पर डटे रहे।
7,765.06 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश
वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 7,765.06 करोड़ रुपये का पहला अनुपूरक बजट सदन के पटल पर रखा। इस बजट में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को लैपटॉप वितरण के लिए 58.07 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के लिए 101 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। नर्मदा घाटी विकास विभाग को सिंचाई परियोजनाओं और भूमि अधिग्रहण के लिए सर्वाधिक 3,000 करोड़ रुपये का आवंटन मिला है। पुलिस और गृह विभाग के लिए इंटर ऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (आईसीजेएस) हेतु 98.83 करोड़ रुपये और पुलिस आधुनिकीकरण के लिए 58.32 करोड़ रुपये रखे गए हैं। राजस्व विभाग को एसडीआरएफ से प्राप्त 397.54 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
चार विधेयक पारित और अन्य घटनाक्रम
विपक्ष के बहिर्गमन के बीच मध्य प्रदेश ईज ऑफ डूइंग विधेयक, मध्य प्रदेश उपकर संशोधन विधेयक, धन्वंतरि स्वास्थ्य विश्वविद्यालय विधेयक और मध्य प्रदेश वैट संशोधन विधेयक पर एकतरफा चर्चा हुई। इन चारों विधेयकों को सदन में पारित कर दिया गया। सदन की कार्रवाई शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर में एक सांकेतिक नाटक का मंचन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों पर निष्क्रिय रहती है और सांप्रदायिक मुद्दों पर तुरंत सक्रिय होती है। जबलपुर उत्तर से भाजपा विधायक डॉ. अभिलाष पांडे फायरमैन की वर्दी पहनकर और हाथ में अग्निशामक यंत्र लेकर विधानसभा पहुंचे। उन्होंने फायर सेफ्टी एक्ट लागू किए जाने पर मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री का आभार व्यक्त किया।
