बुलंद सोच, मुरैना।
शहर के मुख्य बाजार और घनी आबादी में स्थित बड़े जैन मंदिर से भगवान सुब्रतनाथ का चांदी का छत्र चोरी हो गया। यह घटना सोमवार की रात में हुई और चोरी हुए छत्र का वजन डेढ़ किलो बताया गया है।
चोरी का पता मंगलवार की सुबह तब लगा, जब पुजारी सुबह की पूजा करने मंदिर आए। मंदिर के अंदर कांच के कमरे में बनी भगवान सुब्रतनाथ की मूर्ति के ऊपर लगा चांदी का छत्र गायब मिला।
मंदिर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर पता चला कि सोमवार रात 7:40 बजे एक चोर मंदिर में घुसा था। चोर ने चेहरे पर मास्क, उसके ऊपर साफी और सिर में टोपी पहन रखी थी। उसने श्रद्धालुओं की कतार में प्रवेश किया।
जिस समय चोर ने भगवान सुब्रतनाथ की मूर्ति वाले कमरे में प्रवेश किया, वह कमरा खाली था। वीडियो में दिख रहा है कि चोर ने गेट से झांककर चारों ओर देखा, फिर मंदिर के सामने हाथ जोड़े। इसके बाद वह ढाई फीट ऊंचे मंदिर में चढ़ा और चांदी के छत्र को खोल लिया। रात 7:52 बजे चोर छत्र को एक थैले में रखकर मंदिर से निकल गया, इस प्रकार उसने 12 मिनट में चोरी को अंजाम दिया।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, तीन परतों में बना यह चांदी का छत्र डेढ़ किलो वजन का था। इसे पांच साल पहले एक श्रद्धालु ने भगवान सुब्रतनाथ को चढ़ाया था। चांदी के इस छत्र का वर्तमान बाजार मूल्य तीन लाख रुपये से अधिक बताया जा रहा है। मंगलवार सुबह मंदिर प्रबंधन ने कोतवाली थाने में इस चोरी की शिकायत दर्ज कराई है।
कोतवाली पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कद-काठी से नकाबपोश चोर की पहचान करने में जुटी है।

