BREAKING NEWS
2026-08-06

रीवा-कोलकाता और रीवा-भोपाल विमान सेवाएँ 9 अगस्त से होंगी शुरू

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, रीवा।

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से सौजन्य भेंट की। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने 9 अगस्त से प्रारंभ होने जा रही रीवा-कोलकाता एवं रीवा-भोपाल (72 सीटर) विमान सेवाओं के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया।

Advertisement

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में हवाई संपर्क का लगातार विकास हो रहा है। रीवा से कोलकाता एवं भोपाल के लिए शुरू होने वाली नई विमान सेवाएँ विंध्य क्षेत्र में उद्योग, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन एवं निवेश की संभावनाओं को नई गति देंगी तथा क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगी।

उन्होंने यह भी कहा कि बेहतर हवाई संपर्क से विंध्य क्षेत्र राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा से और अधिक सशक्त रूप से जुड़ेगा। इससे स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों, उद्यमियों और पर्यटकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने कहा कि रीवा एयरपोर्ट, जो कभी केवल एक हवाई पट्टी थी, आज प्रधानमंत्री मोदी की उड़ान योजना से विकसित होकर विंध्य क्षेत्र के विकास का मजबूत आधार बन चुका है। उन्होंने बताया कि अल्प समय में रीवा एयरपोर्ट ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है, तथा दिल्ली और रायपुर जैसे प्रमुख शहरों से हवाई संपर्क स्थापित होने से क्षेत्र को व्यापक लाभ मिला है।

मंत्री नायडू ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बढ़ती जन-आवश्यकताओं को देखते हुए 9 अगस्त से रीवा को कोलकाता एवं भोपाल के लिए नई विमान सेवाओं की सौगात मिलने जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि यह नई हवाई सेवाएँ विंध्य क्षेत्र को देश के पूर्वी भाग सहित अन्य महत्वपूर्ण शहरों से और अधिक प्रभावी रूप से जोड़ेंगी।