बुलंद सोच, इंदौर।
नीट पेपर लीक और छात्रों से जुड़ी अन्य समस्याओं को लेकर भंवरकुआं चौराहे पर छात्र धरने पर बैठे हैं। उन्हें समर्थन देने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी मंगलवार रात दो बजे धरना स्थल पर पहुंचे। पटवारी ने विद्यार्थियों से बात की और उनके साथ सेव परमाल भी खाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भी विद्यार्थियों के साथ खड़ी है। पटवारी ने यह भी बताया कि उन्होंने जिंदगी के 20 साल भंवरकुआं के आसपास निकाले हैं और वे जीएसीसी से ही पढ़े हैं। पटवारी ने कहा कि वे दतिया चुनाव में थे, लेकिन उनका मन छात्रों से मिलने का कर रहा था। उन्होंने छात्रों के संघर्ष को महत्वपूर्ण बताया।
पुलिस की कार्रवाई और बढ़ती छात्रों की संख्या
भंवरकुआं पर चल रहे धरने को लेकर अब पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के कोचिंग संचालकों से कहा कि यह धरना बिना अनुमति के दिया जा रहा है और गैरकानूनी है। पुलिस ने कोचिंग संचालकों को निर्देश दिया कि यदि उनकी कक्षाओं के छात्र धरने पर बैठे हैं, तो वे उन्हें रोकें। उधर, धरना स्थल पर विद्यार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के बाद अब अधिक विद्यार्थी धरना स्थल पर जुटने लगे हैं।
