बुलंद सोच, उज्जैन।
उज्जैन की निकिता पोरवाल अब विश्व सुंदरी बनने की दौड़ में भारत की उम्मीद बनकर वियतनाम रवाना होने वाली हैं। 9 अगस्त से शुरू हो रही 73वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में वह 120 देशों की प्रतिभागियों के बीच भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024 का ताज जीतने के बाद उनका अगला लक्ष्य मिस वर्ल्ड का क्राउन है।
वियतनाम रवाना होने से पहले निकिता ने दैनिक भास्कर से खास बातचीत में अपनी तैयारी, जिम्मेदारी, ‘माटी’ प्रोजेक्ट और उज्जैन से मिले संस्कारों पर खुलकर बात की।
उन्होंने बताया कि यह सफर उनके जीवन का सबसे खूबसूरत अनुभव रहा। इस दौरान उन्होंने केवल ग्रूमिंग और ट्रेनिंग ही नहीं सीखी, बल्कि जीवन के कई उतार-चढ़ाव भी देखे। कई असफलताओं ने उन्हें मजबूत बनाया। आदिवासी गांवों में जाकर महिलाओं और बच्चों के बीच काम करना, उनकी समस्याओं को समझना और उनसे सीखना उनके व्यक्तित्व का अहम हिस्सा बन गया। भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।

निकिता ने बताया कि तैयारियां अंतिम चरण में हैं। भारत से मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता को लेकर हमेशा बड़ी उम्मीदें रहती हैं, क्योंकि देश ने सबसे अधिक मिस वर्ल्ड खिताब जीते हैं। इसी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए वह हर पहलू पर मेहनत कर रही हैं। उनका पूरा फोकस भारत के लिए एक और मिस वर्ल्ड क्राउन लेकर लौटने पर है।
उन्होंने अपने ‘माटी’ (MAATI) प्रोजेक्ट को वैश्विक स्तर तक ले जाने की इच्छा व्यक्त की। यह प्रोजेक्ट अभी आदिवासी महिलाओं और बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण के लिए काम कर रहा है। यदि मिस वर्ल्ड का मंच मिला तो उनकी कोशिश होगी कि यह मॉडल केवल मध्यप्रदेश या भारत तक सीमित न रहे, बल्कि दुनिया के अन्य देशों में भी इसे अपनाया जा सके।
निकिता के अनुसार, उज्जैन केवल एक शहर नहीं, बल्कि कहानियों और संस्कृति का संगम है। बचपन से सुनी पौराणिक कथाएं, इतिहास और दादा-दादी की कहानियों ने उन्हें कथाकार बनाया। वह मिस वर्ल्ड के मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करते समय वही भारतीय संस्कृति, परंपरा और संस्कार लेकर जाएंगी, जिन्होंने उन्हें गढ़ा है।
मिस इंडिया 2024 निकिता पोरवाल गुरुवार तड़के श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। उन्होंने भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।
निकिता अगले वर्ष होने वाली मिस वर्ल्ड 2026 प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

