बुलंद सोच, पन्ना।

मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में सात मजदूरों को 16.96 कैरेट का जेम क्वालिटी हीरा मिला है। इस हीरे की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक है।
मजदूरों ने मंगलवार को यह हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है। इस खोज से उनके परिवारों में खुशी का माहौल है।
पट्टाधारक अखिलेश पाल ने बताया कि उन्होंने छह अन्य साझेदारों के साथ सरकोहा गांव में खदान लगाई थी। मंगलवार को वर्षा के दौरान वे चाल (खदान से निकली मिट्टी) का जायजा लेने पहुंचे थे, जहां उन्हें मिट्टी के बीच यह चमकता हुआ हीरा मिला।
नियमों के अनुसार, हीरे की सरकारी नीलामी से प्राप्त राशि में से निर्धारित रॉयल्टी और अन्य शुल्क काटकर बची हुई राशि सातों साझेदारों में वितरित की जाएगी।
इन साझेदारों में शामिल संतोष, शर्मन और अरुण परिवार की आर्थिक परेशानियों के कारण शादी नहीं कर पाए थे। अब उन्हें उम्मीद है कि हीरे की नीलामी से मिलने वाली राशि से जल्द उनके घरों में शहनाई बजेगी।
मजदूरों का कहना है कि इस रकम से वे बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाएंगे, पक्के मकान बनवाएंगे और परिवार की अन्य जरूरतें पूरी करेंगे।

