BREAKING NEWS
2026-08-03

पुणे में दंपती और बेटी ने की आत्महत्या, आर्थिक तंगी का उल्लेख

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, पुणे।

महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक दंपती और उनकी 19 वर्षीय बेटी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें आर्थिक तंगी का जिक्र किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 50 वर्षीय विनोद पिल्लई की शनिवार को मृत्यु हो गई थी, जबकि उनकी पत्नी सृजा पिल्लई (45) और 19 वर्षीय बेटी पूर्णिमा पिल्लई ने रविवार को अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना मोरवाड़ी इलाके की है। यह परिवार मूल रूप से केरल का रहने वाला था और पिछले तीन वर्षों से पिंपरी क्षेत्र में रह रहा था।
अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट में आर्थिक तंगी का उल्लेख है। इसमें यह भी लिखा गया है कि उनके इस कदम के लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराया जाए।
पुलिस के अनुसार, घटना का पता तब चला जब मोरवाड़ी के एक स्कूल में समन्वयक के रूप में कार्यरत सृजा पिल्लई काम पर नहीं पहुंचीं और सहकर्मियों द्वारा किए गए फोन का भी जवाब नहीं दिया।
इसके बाद उनके सहकर्मियों ने परिजनों से संपर्क किया। परिजनों ने भी उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पास में रहने वाले कुछ रिश्तेदार उनके घर पहुंचे।
वहां घर का दरवाजा खुला मिला और तीनों अंदर अचेत अवस्था में पड़े थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। तीनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में विनोद पिल्लई की शनिवार को मृत्यु हो गई। वहीं, सृजा पिल्लई और पूर्णिमा पिल्लई ने रविवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

Advertisement