बुलंद सोच, शहडोल।
शहडोल जिले के दक्षिण वनमंडल के खन्नौधी वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने चीतल के शिकार के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपित के घर से पका हुआ चीतल का मांस और उसका एक सींग बरामद किया गया।
दक्षिण वनमंडल शहडोल के खन्नौधी वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम सलदा में वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव का बंसीलाल बैगा (42) अपने घर में चीतल का मांस पकाकर खा रहा है।
सूचना पर वन विभाग की टीम ने बंसीलाल के घर दबिश दी। तलाशी के दौरान झोपड़ी में रखे बर्तन से चावल के साथ पका हुआ चीतल का मांस बरामद हुआ। घर के अंदर से चीतल का एक सींग भी मिला।
वन अधिकारियों द्वारा इन अवशेषों के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद सभी वन्यजीव अवशेषों को जब्त कर लिया गया।
पूछताछ में बंसीलाल ने बताया कि उसने गांव के ही संतोष सिंह (31) के साथ मिलकर चीतल का मांस खाया था।
विभाग ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया।
कार्रवाई के बाद दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में शहडोल जिला जेल भेज दिया गया है।
वन अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में आगे की जांच की जा रही है। शिकार किस स्थान पर हुआ, इसकी जांच अभी जारी है।

