बुलंद सोच, भोपाल।

रक्षाबंधन से पहले भोपाल से दिल्ली, मुंबई और लखनऊ जाने वाली कई ट्रेनों में टिकट संकट उत्पन्न हो गया है। 28 अगस्त को रक्षाबंधन है और 25 अगस्त से ही इन रूट्स पर ट्रेनों में सीटें भरने लगी हैं। कई ट्रेनों में वेटिंग, आरएलडब्ल्यूएल (रिमोट लोकेशन वेटिंग लिस्ट) और कुछ में रीग्रेट की स्थिति बनी हुई है। यह स्थिति 31 अगस्त तक जारी रहने की आशंका है। रेलवे ने अभी तक इन प्रमुख रूट्स पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाने के निर्देश जारी नहीं किए हैं।
भोपाल-मुंबई रूट की स्थिति
भोपाल से मुंबई जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों का दबाव बढ़ गया है। सीएसएमटी राजधानी एक्सप्रेस में कन्फर्म बर्थ सीमित हैं। एलटीटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस और एलटीटी एक्सप्रेस में भी विभिन्न श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता कम है। मंगलदीप एक्सप्रेस में वेटिंग बढ़ी हुई है, जबकि उद्योगनगरी एक्सप्रेस में 25 अगस्त से आरएलडब्ल्यूएल की स्थिति बनी हुई है।
दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में दबाव
दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में सबसे अधिक दबाव देखा जा रहा है। भोपाल एक्सप्रेस में 25 अगस्त से थर्ड एसी में 60 से अधिक वेटिंग और स्लीपर में करीब 80 आरएसी चल रही है। अन्य श्रेणियों में जीएनडब्ल्यूएल (जनरल वेटिंग लिस्ट) 10 से अधिक है। राजधानी एक्सप्रेस और संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में आरएलडब्ल्यूएल की स्थिति है। वहीं, एपी एक्सप्रेस और गोंडवाना एक्सप्रेस में भी अलग-अलग श्रेणियों में वेटिंग चल रही है।
लखनऊ रूट पर टिकट मिलना मुश्किल
लखनऊ की ओर जाने वाली ट्रेनों में भी टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। एलटीटी-सीतापुर सुपरफास्ट, भोपाल-एमबीडीपी सुपरफास्ट, गोरखपुर एक्सप्रेस, पुष्पक एक्सप्रेस और कुशीनगर एक्सप्रेस में 25 से 31 अगस्त के बीच कई श्रेणियों में आरएलडब्ल्यूएल और रीग्रेट की स्थिति है। इससे यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की उम्मीद कम है।
यात्रियों के लिए सुझाव
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय तक टिकट का इंतजार न करें। कन्फर्म सीट नहीं मिलने पर उन्हें स्पेशल ट्रेन की उपलब्धता की जांच करनी चाहिए। पास के स्टेशन से कनेक्टिंग ट्रेन का विकल्प भी देखना चाहिए। आवश्यकता पड़ने पर बस या निजी वाहन से यात्रा की योजना पहले से तैयार रखना बेहतर होगा, ताकि यात्रा की परेशानी न बढ़े।
भोपाल-रीवा के बीच स्पेशल ट्रेनें
रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने 25 से 31 अगस्त के बीच भोपाल-रीवा के बीच चार स्पेशल ट्रेनों का संचालन तय किया है। फिलहाल, दिल्ली, मुंबई और लखनऊ सहित अन्य प्रमुख रूट्स के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने के निर्देश नहीं मिले हैं। यात्रियों की ओर से दिल्ली, मुंबई और लखनऊ जैसे रूट्स पर भी अतिरिक्त ट्रेनें चलाने की मांग की जा रही है। इस संबंध में रेलवे अधिकारी से स्पेशल ट्रेनों के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी तरफ से कोई जानकारी नहीं मिली।

