बुलंद सोच, महू।

महू की वादियों में हेरिटेज ट्रेन के पुनः चलने की तैयारी है। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल ने 20 अगस्त से पातालपानी-कालाकुंड के बीच हेरिटेज ट्रेन शुरू करने की तैयारियां पूरी कर ली हैं, जिससे सावन के महीने में वर्षा और हरियाली के बीच पर्यटक पातालपानी के झरने और कालाकुंड की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले सकेंगे। आवश्यक रखरखाव हेतु बीकानेर मंडल भेजे गए हेरिटेज ट्रेन के इंजन और कोच को इंदौर पहुंचाने के लिए लोडिंग प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सभी कोच और इंजन तीन से चार दिन में महू पहुंच जाएंगे।
परिचालन और अन्य घोषणाएं
पश्चिम रेलवे द्वारा इस संबंध में अब तक कोई अधिकृत सूचना जारी नहीं की गई है। कोच और इंजन के महू पहुंचने के बाद रेलवे द्वारा परीक्षण संचालन किया जाएगा, जिसके उपरांत ट्रेन संचालन के लिए अधिकृत सूचना जारी की जाएगी। पश्चिम रेलवे इस बार पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हेरिटेज ट्रेन को पूरे सप्ताह प्रतिदिन चलाने की तैयारी कर रहा है, जिससे वर्षा के मौसम में बड़ी संख्या में आने वाले पर्यटकों को पातालपानी और कालाकुंड की प्राकृतिक वादियों को देखने का अवसर मिलेगा। ट्रेन का किराया भी बढ़ाया जा सकता है, जिसकी आधिकारिक घोषणा रेलवे द्वारा की जाएगी। महू पहुंचने के बाद क्रेन की मदद से इंजन और कोच को उतारा जाएगा। इसके बाद रतलाम मंडल द्वारा लगभग दो दिन तक हेरिटेज ट्रेन का परीक्षण संचालन किया जाएगा। परीक्षण संचालन के बाद 20 अगस्त से ट्रेन का नियमित संचालन पातालपानी से कालाकुंड के बीच शुरू होने की संभावना है। महू दौरे पर आए मंडल रेल प्रबंधक ने भी अगस्त माह से हेरिटेज ट्रेन के नियमित संचालन की बात कही थी।

