BREAKING NEWS
2026-08-03

रतलाम: स्ट्रीट लाइट बंद होने से सड़क हादसे में दो युवकों की मौत

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, रतलाम।

करमदी रोड फोरलेन पर सोमवार रात स्ट्रीट लाइट बंद होने के कारण हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक लक्ष्मीनगर के निवासी थे और करमदी की ओर से रतलाम लौट रहे थे।

Advertisement

जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीनगर निवासी 20 वर्षीय केशव पुत्र नूतन परिहार अपने मोहल्ले में रहने वाले दोस्त 21 वर्षीय शोएब पुत्र राजा के साथ एक ही बाइक से घर लौट रहा था। करमदी से संत रविदास चौक के बीच पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने डायल-112 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के समय फोरलेन की स्ट्रीट लाइट बंद थी। इसी दौरान सामने से आ रही कार की रोशनी के कारण बाइक सवारों को भ्रम हुआ और उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हालांकि, पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है।

थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक केशव के पिता फूल मंडी में चाय की होटल संचालित करते हैं, जबकि शोएब के पिता फल का ठेला लगाते हैं। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम छा गया है।