बुलंद सोच, सतना।
सतना शहर के मोटर लाइन क्षेत्र में भीख मांगने वाली एक नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है।
पीड़िता की मां की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपित गैरेज संचालक रज्जन शाह को गिरफ्तार किया।
मेडिकल परीक्षण के बाद आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
सिटी कोतवाली पुलिस के अनुसार, पीड़ित नाबालिग अत्यंत गरीब परिवार से है और भीख मांगकर अपना गुजारा करती थी। इसी दौरान वह मोटर लाइन क्षेत्र में भीख मांगने पहुंची। यहां गैरेज संचालक रज्जन शाह की उस पर गलत नजर पड़ी। पुलिस के मुताबिक, आरोपित ने पहली बार उसके साथ दुर्व्यवहार किया और उसे जाने दिया।
बाद में जब नाबालिग दोबारा भीख मांगते हुए गैरेज पहुंची, तब आरोप है कि आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
आरोपित द्वारा लगातार गलत व्यवहार किए जाने के बाद नाबालिग ने पूरी घटना अपनी मां को बताई। इसके बाद उसकी मां सिटी कोतवाली थाना पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी रावेन्द्र द्विवेदी के निर्देशन में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है।

