BREAKING NEWS
2026-08-14

सतवास-पुनासा मार्ग पर फार्च्यूनर की टक्कर से दो बाइक सवारों की मौत

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, देवास।

सतवास थाना क्षेत्र के सतवास-पुनासा मार्ग पर ग्राम बाईजगवाड़ा के पास सोमवार शाम एक तेज रफ्तार फार्च्यूनर कार ने बाइक सवारों को रौंद दिया। इस दुर्घटना में बाइक सवार खंडवा जिले के निवासी दो युवकों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। दुर्घटना के बाद फार्च्यूनर कार मक्के के खेत में जा घुसी।

Advertisement

सतवास थाना पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान बायफल पुनासा, थाना नर्मदानगर, खंडवा निवासी 35 वर्षीय नितेश पुत्र काशीराम डावर और 34 वर्षीय शक्ति पुत्र नान सिंह डावर के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शवों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार चालक कथित तौर पर नशे में था। दुर्घटना में बाइक (एमपी12एमवाय9150) पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि फार्च्यूनर कार के अगले हिस्से को भी नुकसान पहुंचा है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार बहुत तेज गति में थी और उसने बाइक को चपेट में लेने के बाद काफी दूर तक घसीटा।

जिस समय यह हादसा हुआ, उस दौरान बागली विधायक मुरली भंवरा क्षेत्र के भ्रमण पर थे। हादसे की जानकारी मिलने पर वे भी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों से बातचीत कर जानकारी ली। इस दौरान कई लोगों ने वाहनों की तेज गति पर अंकुश लगाने के उपाय किए जाने की मांग रखी।