बुलंद सोच, इंदौर।

चंदन नगर निवासी एक 18 वर्षीय युवती ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। युवती की पहचान नावदा पंथ निवासी रानी पिता कन्हैयालाल के रूप में हुई है, जिसकी रविवार शाम एमवाय अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
पुलिस के अनुसार, रानी ने शनिवार देर रात यह आत्मघाती कदम उठाया, जब परिवार के सदस्य सो रहे थे। शनिवार रात लगभग एक बजे उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे एमवाय अस्पताल लाया गया था।
मृतका के परिवारजनों ने बताया कि रानी दसवीं कक्षा तक पढ़ी थी और क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करती थी। शनिवार को उसने परिवार के साथ खाना खाया और उसके बाद मोबाइल पर बात करके सोने चली गई थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि रानी ने चार से पांच दिन पहले अपने हाथ पर मेहंदी से ‘संस्कार’ नाम के एक युवक का अंग्रेजी में नाम लिखा था, जिसे उसकी मां ने रात में देखा था। पुलिस प्रारंभिक तौर पर इसे प्रेम-प्रसंग का मामला मान रही है।
चंदन नगर पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। पुलिस मृतका के मोबाइल फोन की भी जांच करेगी, जिसमें लॉक लगा हुआ है। युवक की जानकारी निकालने के साथ ही उसकी तलाश की जा रही है।
चौकीदार की मौत
राजेंद्र नगर क्षेत्र में एक निर्माणाधीन भवन की दूसरी मंजिल से गिरने के कारण एक चौकीदार की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान सतवास निवासी रामभरोसे (40) पिता त्रिलोकनाथ के रूप में हुई है, जो हसनजी नगर में रहता था। वह तीन माह पहले ही चौकीदारी के काम पर आया था। रामभरोसे के परिवार में उसकी एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है, और एक बेटा है।
पुलिस के अनुसार, बिजलपुर क्षेत्र स्थित जासमिन प्राइम नाम की कॉलोनी में एक तीन मंजिला भवन का निर्माण कार्य चल रहा था। रविवार शाम को रामभरोसे दूसरी मंजिल के डक से पहली मंजिल पर आ गिरा।
उसे उपचार के लिए एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ रात में उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
छिंदवाड़ा में हनीट्रैप गिरोह का पर्दाफाश
छिंदवाड़ा में हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। इस मामले में पुलिस ने दो महिलाओं सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

