BREAKING NEWS
2026-07-25

शहडोल जिला सहकारी बैंक सीईओ संतोष कुमार यादव निलंबित, वित्तीय अनियमितताओं के आरोप

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, शहडोल।

शहडोल जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) संतोष कुमार यादव को गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के चलते निलंबित कर दिया गया है। मध्य प्रदेश राज्य सहकारी बैंक मर्यादित भोपाल ने 21 जुलाई को निलंबन आदेश जारी किया।

Advertisement

निलंबन के बाद उनका मुख्यालय संभागीय शाखा रीवा निर्धारित किया गया है। सीईओ का अतिरिक्त प्रभार कैडर अधिकारी एवं प्रबंधक (प्रशासन) जगदीश चन्द्र उईके को सौंपा गया है।

अधिवक्ता कुणाल ठाकुर की शिकायत पर एक दो सदस्यीय जांच दल का गठन किया गया था। भोपाल से जारी पत्र के अनुसार, इस जांच दल की अंतरिम रिपोर्ट में संतोष कुमार यादव को दोषी पाया गया है।

इन आरोपों में जिला बैंक के नवनियुक्त समिति प्रबंधकों से कथित रूप से ‘खली-चुनी’ के नाम पर राशि अपने खाते में स्थानांतरित कराना जैसे गंभीर मामले शामिल हैं।

आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) रीवा द्वारा भी संतोष कुमार यादव के विरुद्ध वित्तीय धोखाधड़ी, पद के दुरुपयोग, आपराधिक कदाचार तथा कथित जबरन वसूली के मामलों की जांच की जा रही है।

जांच के दौरान, ईओडब्ल्यू ने 11 बिंदुओं पर दस्तावेज तलब किए हैं। इनमें सोसाइटी प्रबंधकों से कथित अवैध वसूली, नौरोजाबाद शाखा में गबन, बुढ़ार एवं केशवाही समितियों में वित्तीय अनियमितताएं तथा राजेंद्रग्राम से जुड़े मामलों के दस्तावेज शामिल हैं।

आरोपों की अंतिम पुष्टि विभागीय और ईओडब्ल्यू जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।