BREAKING NEWS
2026-08-01

शाजापुर नर्स से सामूहिक दुष्कर्म, धोखाधड़ी और जबरन वसूली का मामला; मुख्य आरोपी शाकीर उर्फ राजू हिरासत में

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, शाजापुर।

शाजापुर अस्पताल में कार्यरत एक नर्स के साथ तंत्र-मंत्र का झांसा देकर सामूहिक दुष्कर्म, धोखाधड़ी, जबरन वसूली और धमकी देने का मामला सामने आया है। लालघाटी थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो युवकों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, धोखाधड़ी, जबरन वसूली, आपराधिक धमकी और यौन उत्पीड़न की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए धर्मांतरण संबंधी धाराएं भी बढ़ाने की तैयारी कर रही है। इस मामले में मुख्य आरोपित शाकीर उर्फ राजू (44 वर्ष), निवासी ग्राम बड़ावद, जिला उज्जैन को हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

घटनाक्रम और वसूली

प्राथमिकी में उल्लेख है कि पीड़ित नर्स ने बताया कि आरोपित ने राजू नाम बताकर पहचान बनाई थी। उसने पारिवारिक समस्या खत्म करने के लिए डोरा बनाने का झांसा दिया। चार जुलाई को आरोपित शाजापुर आया और नर्स के घर ले जाकर उसे कपड़े उतारने के लिए कहा। डर के कारण नर्स ने कपड़े उतार दिए। इसके बाद आरोपित ने जादू-टोना हटाने के नाम पर उसके साथ गलत काम किया। आरोपित ने नर्स को बुर्का पहनाकर जावरा और अजमेर ले जाकर दुष्कर्म किया। 16-17 जुलाई को एक अन्य लड़के के साथ भी दुष्कर्म किया गया। आरोपित ने नर्स से रुपयों की मांग की और धमकी दी कि यदि रुपये नहीं दिए तो वह वीडियो प्रसारित कर देगा। आरोपित द्वारा नर्स से जबरन वसूले गए चार लाख दस हजार रुपये में से तीन लाख अड़तालीस हजार रुपये और एक दोपहिया वाहन भी बरामद कर लिया गया है।

Advertisement

सहकर्मी नर्सों की भूमिका

21 जुलाई को आरोपित ने नर्स के शाजापुर स्थित किराए के घर में उसकी दो सहकर्मी नर्सों के साथ भी अश्लील हरकत की। दोनों नर्स मौके से भाग गईं, लेकिन उन्होंने एक सप्ताह तक किसी को नहीं बताया। 29 जुलाई को वे पुलिस के पास पहुंचीं और घटना की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों सहकर्मी नर्सों को थाने बुलाया। प्रारंभ में पीड़ित नर्स ने कुछ नहीं बताया, लेकिन पुलिस की समझाइश पर उसने पूरी कहानी बता दी। यदि दोनों सहकर्मी नर्स हिम्मत नहीं दिखातीं, तो यह मामला सामने नहीं आता।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी प्रियंका शुक्ला ने तत्परता दिखाई। उन्होंने टीआई अर्जुनसिंह मुजाल्दे को आरोपित की तलाश में तत्काल टीम रवाना करने के निर्देश दिए। पुलिस ने बुधवार रात को आरोपित की तलाश में कार्रवाई की और गुरुवार को उसे हिरासत में ले लिया।

जांच जारी

पीड़ित नर्स ने न्यायालय में भी अपने बयान दर्ज कराए हैं। पुलिस आरोपित को न्यायालय में पेश कर रिमांड की मांग करेगी। पुलिस आरोपित से घटनाक्रम को लेकर सिलसिलेवार पूछताछ कर रही है।