बुलंद सोच, शाजापुर।
मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में तंत्र-मंत्र का झांसा देकर एक नर्स के साथ सामूहिक दुष्कर्म और उसकी दो सहकर्मी युवतियों के साथ अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुख्य आरोपित मोहम्मद शाकिर उर्फ राजू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित पर नर्स को बुर्का पहनाकर अजमेर और एक अन्य स्थान पर ले जाकर वहां भी दुष्कर्म करने का आरोप है। उस पर मतांतरण का दबाव बनाने का भी आरोप है। पुलिस ने शाकिर से नर्स से जबरन वसूले गए चार लाख 10 हजार रुपये में से तीन लाख 48 हजार रुपये और एक दोपहिया वाहन भी बरामद किया है। इस मामले में मुख्य आरोपित का साथी फरार है। पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला के निर्देश पर लालघाटी थाना पुलिस ने उज्जैन जिले के ग्राम बड़ावद निवासी मोहम्मद शाकिर और उसके साथी के विरुद्ध प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की है।
आरोपी की पहचान और प्रारंभिक जाल
प्राथमिकी के अनुसार, आरोपित मोहम्मद शाकिर ने नर्स से अपना नाम राजू बताकर जान-पहचान की थी। उसने नर्स को झांसा दिया कि वह तंत्र-मंत्र करके उसकी पारिवारिक समस्या खत्म कर देगा। बहाने से उसके घर पहुंचा और कहा कि धागा बनाने के लिए कपड़े उतारने होंगे। ऐसा नहीं करने पर जान-माल का खतरा बताया। डर के कारण नर्स ने कपड़े उतार दिए, जिसके बाद आरोपित ने शरीर का नाप लेकर तंत्र-मंत्र वाला धागा बना दिया।
दुष्कर्म और ब्लैकमेल का सिलसिला
कुछ दिनों बाद आरोपित ने जादू-टोना का डर दिखाकर नर्स से दुष्कर्म किया। पीड़िता नर्स के अनुसार, आरोपित उसे बुर्का पहनाकर जावरा के हुसैन टेकरी और अजमेर ले गया। वहां उसने मतांतरण का दबाव बनाया और धमकाकर दुष्कर्म किया। आरोपित ने यह भी कहा कि उसके परिचित लड़कों के साथ संबंध बनाने पड़ेंगे, नहीं तो वह वीडियो वायरल कर देगा। कुछ दिन बाद आरोपित एक अन्य लड़के को लेकर घर पहुंचा और दोनों ने मिलकर उससे दुष्कर्म किया। ब्लैकमेल करके बस दिलाने के नाम पर उससे चार लाख से अधिक रुपये लिए गए।
सहकर्मी नर्सों के साथ हरकत
गत 21 जुलाई को शाजापुर स्थित किराये के मकान में आरोपित मोहम्मद शाकिर ने पीड़िता की दो सहकर्मी नर्सों के साथ भी अश्लील हरकत की थी। किंतु दोनों मौका पाकर वहां से भाग गईं। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत की। पुलिस ने पीड़िता नर्स को बुलाया तो वह बहुत डरी-सहमी नजर आई, लेकिन उसे कार्रवाई का आश्वासन दिया तो वह अपने उत्पीड़न की कहानी बताते हुए रो पड़ी।

