बुलंद सोच, शिवपुरी।
लुकवासा चौकी अंतर्गत एनएच-46 पर स्थित लुकवासा बायपास पर सोमवार दोपहर डीजल से भरा एक टैंकर पलट गया। हादसे के दौरान टैंकर का स्टाफ केबिन में फंस गया था। कुछ ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को केबिन से बाहर निकाला, जबकि दूसरी तरफ कुछ ग्रामीण टैंकर से फैल रहे डीजल को लूटने के लिए दौड़ पड़े। घायल चालक पवन को कोलारस स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर कर दिया गया।
डीजल लूट की घटना
जैसे ही यह खबर फैली कि टैंकर में डीजल भरा है, आसपास के गांवों से लोग बाल्टी, डिब्बे, केन और अन्य बर्तन लेकर दौड़ पड़े। सड़क पर बह रहे डीजल को लूटने की होड़ मच गई। पुलिस के आने तक हाईवे पर डीजल लूट का मेला लगा रहा। लुकवासा चौकी पुलिस के मौके पर पहुंचने पर जवानों को सबसे पहले लोगों को टैंकर से दूर हटाना पड़ा, क्योंकि एक चिंगारी पूरे इलाके को आग के गोले में बदल सकती थी। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर टैंकर को अपने कब्जे में लिया और क्रेन बुलाई।
टैंकर की स्वामित्व पर सवाल
पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक और अहम पेंच सामने आया है। यह टैंकर गुना से शिवपुरी आ रहा था, लेकिन उस पर किसी भी बड़ी ऑयल कंपनी का लोगो या नाम नहीं था। ऐसे में इतनी बड़ी मात्रा में डीजल कहां से लाया जा रहा था और कहां ले जाया जा रहा था, इस पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस अब टैंकर के कागजात और डीजल के स्रोत की जांच कर रही है।

