बुलंद सोच, शिवपुरी।
शिवपुरी के फिजिकल थानांतर्गत शांति नगर कॉलोनी में एक पालतू लेब्रा डॉग को पड़ोसी के प्लाट में चले जाने पर डंडों से पीट-पीटकर मार डाला गया।
इस मामले में फरियादिया प्रीति परिहार, पत्नी रजनेश परिहार (35), निवासी शांति नगर कॉलोनी, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका पालतू लेब्रा डॉग 31 जुलाई 2026 की शाम लगभग 7:00 बजे घर से घूमते हुए कहीं चला गया था।
प्रीति परिहार उसे तलाश रही थीं, जब वह प्लाट की तरफ गईं तो उनके देवर बेमनी ठाकुर और सूरज शर्मा ने उन्हें बताया कि कुत्ता गोलू खटीक के प्लाट में चला गया था। प्रीति ने आरोप लगाया कि गोलू खटीक और उसके ड्राइवर अभिषेक रजक ने इसी बात से नाराज होकर कुत्ते को डंडों से इतना पीटा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद, महिला कुत्ते के शव को लेकर फिजिकल थाने पहुंचीं और थाना परिसर में शव रखकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने उनकी शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ कुत्ते की हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
इस प्रकरण में दोषी पाए जाने पर आरोपियों को पांच साल तक की कैद, या जुर्माना, अथवा दोनों सजाओं से दंडित किया जा सकता है।

