BREAKING NEWS
2026-08-02

निर्वाचन आयोग ने तेलंगाना और ओडिशा में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम बदला

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच।

भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने तेलंगाना में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का नया कार्यक्रम जारी किया है। यह प्रक्रिया 1 अक्तूबर 2026 को आधार तारीख मानकर की जाएगी। आयोग ने बताया कि मतदाता सूची को अपडेट करने का काम तय समय के अनुसार किया जाएगा।
इसके तहत बूथ स्तर के अधिकारी (बीएलओ) 25 जून 2026 से 10 अगस्त 2026 तक घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी जुटाएंगे। इसके बाद मतदान केंद्रों की व्यवस्था में बदलाव और जरूरी सुधार का काम 10 अगस्त 2026 तक पूरा किया जाएगा।
तेलंगाना में नई मतदाता सूची का मसौदा 17 अगस्त 2026 (सोमवार) को जारी किया जाएगा। मसौदा मतदाता सूची जारी होने के बाद लोग अपना नाम जुड़वाने, हटाने या किसी गलती को सुधारने के लिए 17 अगस्त से 16 सितंबर 2026 तक दावा और आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।
इन दावों और आपत्तियों की जांच और समाधान का काम 17 अगस्त से 15 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। निर्वाचन आयोग ने सभी अधिकारियों को नए कार्यक्रम की जानकारी देने और इसका प्रचार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही राजनीतिक दलों को भी संशोधित कार्यक्रम की जानकारी दी जाएगी।

ओडिशा में मतदाता सूची पुनरीक्षण

निर्वाचन आयोग ने ओडिशा में भी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का नया कार्यक्रम जारी किया है। यहां यह प्रक्रिया 1 जुलाई 2026 को आधार तारीख मानकर होगी।
ओडिशा में लोग मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या सुधार के लिए 5 जुलाई 2026 से 19 अगस्त 2026 तक दावा और आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। दावों और आपत्तियों की जांच और उन्हें निपटाने का काम 5 जुलाई 2026 से 17 सितंबर 2026 तक चलेगा।
ओडिशा की अंतिम मतदाता सूची 21 सितंबर 2026 को जारी की जाएगी। निर्वाचन आयोग ने ओडिशा के अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम का ज्यादा से ज्यादा प्रचार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आयोग की अधिसूचना को राज्य के आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशित करने और उसकी तीन प्रतियां आयोग को भेजने को कहा गया है।

Advertisement