बुलंद सोच, सीधी।
सीधी जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मधुरी में राजमिस्त्री दिनेश साकेत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद रविवार सुबह माहौल तनावपूर्ण हो गया है। मृतक के परिजन और रिश्तेदार करीब 100 की संख्या में पहुंचकर लक्ष्मीकांत पटेल के घर का घेराव कर दिया। अचानक बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से मौके पर स्थिति बिगड़ने लगी थी, जिसके बाद जमोड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस का हस्तक्षेप
पुलिस ने भीड़ को हटाने का प्रयास शुरू किया और परिजनों को समझाइश दी जा रही है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखें तथा जांच पूरी होने दें। घेराव के दौरान लक्ष्मीकांत पटेल की पत्नी और बेटी घर के अंदर ही रह गईं और बाहर बड़ी संख्या में लोगों के जमा होने से वे घर से बाहर नहीं निकल सकीं।
मृतक की पत्नी का आरोप और मकान मालिक का बयान
मिली जानकारी के मुताबिक, दिनेश साकेत शनिवार रात करीब 10 बजे ग्राम मधुरी निवासी लक्ष्मीकांत पटेल के घर गया था, जहां रात में उसी मकान में उसकी लाश मिली। मृतक की पत्नी निर्मला साकेत का आरोप है कि उनके पति लक्ष्मीकांत पटेल के यहां राजमिस्त्री का काम करते थे और उनकी 18 हजार रुपये से अधिक की मजदूरी बाकी थी। मजदूरी मांगने के लिए ही दिनेश के वहां जाने की बात सामने आई है। वहीं, इस मामले में लक्ष्मीकांत पटेल का कहना है कि शनिवार रात वह और दिनेश साकेत दूसरी मंजिल की छत पर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली चली गई, जहां दिनेश नीचे उतरने लगा, लेकिन सीढ़ियों पर रेलिंग नहीं होने के कारण वह नीचे गिर गया। लक्ष्मीकांत के मुताबिक, गिरने के बाद दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई और उन्होंने ही पुलिस को सूचना दी।
पुलिस कार्रवाई और जांच
जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर लक्ष्मीकांत पटेल को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। शव को रविवार सुबह करीब 10 बजे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

