BREAKING NEWS
2026-08-06

विदिशा: बंधेरा गांव में नया हाई स्कूल खुला, 9वीं और 10वीं की कक्षाएं शुरू

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, विदिशा।

बेतवा नदी के स्टॉप डैम के पिलरों पर छलांग लगाकर स्कूल जाने को मजबूर ककरुआ सहित तीन गांव के बच्चों को अब बंधेरा गांव में ही नया हाई स्कूल मिल गया है। राज्य सरकार ने इस गांव के मिडिल स्कूल को हाई स्कूल का दर्जा देते हुए आज बुधवार से कक्षा 9 वीं और दसवीं की कक्षाएं लगाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। लोक शिक्षण संचालनालय से ग्राम बंधेरा में स्थित मिडिल स्कूल का हाई स्कूल के लिए उन्नयन कर दिया गया है और आदेश प्राप्त होते ही दो शिक्षकों को भी यहां नियुक्त कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी, विदिशा, एनके अहिरवार ने बताया कि बुधवार से बंधेरा में ही कक्षा 9 वीं और 10 वीं की पढ़ाई शुरू हो जाएगी।

Advertisement

जोखिम भरा रास्ता

इससे अब बच्चों को जान जोखिम में डालकर उफनती बेतवा नदी के चेक डैम पर बने दो-दो फीट चौड़े पिलरों पर छलांग लगाकर स्कूल नहीं जाना पड़ेगा। बेतवा नदी के किनारे बसे ककरुआ गांव में केवल आठवीं तक का स्कूल है। इसके बाद पढ़ाई जारी रखने के लिए विद्यार्थियों को सड़क मार्ग से करीब 13 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पलोह स्कूल जाना पड़ता था। लंबी दूरी से बचने के लिए बच्चे बेतवा नदी के स्टॉप डैम को पार करते थे, जहां कंक्रीट के खुले पिलरों पर संतुलन बनाते हुए एक से दूसरे पिलर पर छलांग लगानी पड़ती थी। इस रास्ते से दूरी घटकर करीब डेढ़ किलोमीटर रह जाती थी, लेकिन हर दिन मौत का खतरा भी साथ चलता था। ककरुआ के दो, इमलिया के दो और बंधेरा के पांच, इस तरह कुल नौ बच्चे स्टॉप डैम पार कर नदी के दूसरे तट पर बसे पलोह गांव के स्कूल पहुंचते थे। मानसून के दौरान जब डैम के ऊपर पानी बहता है और पिलर फिसलन भरे हो जाते हैं, तब यह सफर और अधिक खतरनाक हो जाता था। अभिभावकों का कहना था कि रोज बच्चों को छोड़ने और लेने जाना संभव नहीं होता, इसलिए मजबूरी में उन्हें इसी रास्ते से भेजना पड़ता था।

सरकार की पहल और उच्च न्यायालय का संज्ञान

मुंडरा हरिसिंह ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले गांव ककरुआ के ग्रामीण बताते हैं कि गांव के बच्चे पिछले साल भी इसी तरह स्टॉप डैम पार कर स्कूल जाते थे। कुछ साल पहले ग्राम पंचायत ने इस क्षेत्र में हाई स्कूल खोलने का प्रस्ताव भी भेजा था, लेकिन बच्चों की संख्या कम होने से हाई स्कूल नहीं खुला। तीन दिन पहले जब बच्चों का स्टॉप डैम पार करने वाला वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहु प्रसारित हुआ तो यह मुद्दा देश भर में छा गया। इसके बाद सरकार के अधिकारी गांव पहुंचने लगे और तीन दिन के अंदर हाई स्कूल खोलने की घोषणा हो गई। इस पंचायत के रोजगार सहायक विष्णु शर्मा कहते हैं कि बंधेरा में हाई स्कूल खुलने से सात गांवों को फायदा होगा। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए हाई कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है। न्यायाधीशों की एक टीम ने मौके पर पहुंचकर स्टॉप डैम, बच्चों के आवागमन के रास्ते और वास्तविक परिस्थितियों का निरीक्षण किया। टीम अब अपनी रिपोर्ट हाई कोर्ट को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे सुरक्षित आवागमन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर निर्देश जारी हो सकते हैं।