बुलंद सोच, भोपाल।

मध्य प्रदेश कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को भोपाल स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित होगी। इस बैठक का मुख्य एजेंडा संगठन सृजन और पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी अब तक संगठन सृजन के तहत हुए कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही, आगामी दिनों में संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, संगठन महासचिव डॉ. संजय कामले और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा सहित पीएसी के अन्य सदस्य मौजूद रहेंगे। कमेटी के सभी 37 सदस्यों को व्यक्तिगत रूप से बैठक में शामिल होने के लिए बुलाया गया है, जबकि पिछली बैठक ऑनलाइन आयोजित हुई थी। छिंदवाड़ा के पूर्व सांसद नकुलनाथ के भी बैठक में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
पार्टी के तीन प्रमुख नेता – पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और पूर्व सांसद अरुण यादव – इस बैठक में शामिल नहीं होंगे। जानकारी के अनुसार, दिग्विजय सिंह और अरुण यादव वर्तमान में विदेश में हैं, जबकि कमलनाथ अस्वस्थता के कारण बैठक में शामिल होने की संभावना नहीं है।
बैठक में दतिया चुनाव की समीक्षा की जाएगी और नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी की रणनीति पर मंथन होगा। इसके अतिरिक्त, यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस की गतिविधियों और संगठनात्मक कामकाज की भी समीक्षा की जाएगी।
मध्य प्रदेश में कांग्रेस बड़े पैमाने पर तैयारी कर रही है, जिसमें चार महीने में पुनर्गठन का लक्ष्य है। इसके तहत, जीतू पटवारी के नेतृत्व में इंदौर में एक बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।

