बुलंद सोच, छिंदवाड़ा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने छिंदवाड़ा प्रवास के दौरान इमलीखेड़ा हवाई पट्टी पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकार ने ईंधन में एथनाल मिलाने के नाम पर देशवासियों को धोखा दिया है।
उन्होंने बताया कि आज आम नागरिक अपनी महंगी गाड़ियों और इंजन के खराब होने से परेशान हैं।
पटवारी ने आरोप लगाया कि सरकार ने जो दावे किए थे, वे हवा-हवाई साबित हुए हैं और जो नीतियां लागू की गईं, वे आम जनता के लिए सिरदर्द बन चुकी हैं।
उन्होंने रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा का खुले दिल से धन्यवाद किया।
पटवारी ने कहा कि जो सवाल कांग्रेस लंबे समय से उठा रही थी, आज वही बात भाजपा के अपने सांसद स्वीकार कर रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री से देश के सामने आकर स्थिति साफ करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि अगर देश की जनता को शुद्ध पेट्रोल नहीं मिल पा रहा है और एथनाल मिलाना सरकार की मजबूरी बन चुका है, तो प्रधानमंत्री को इस पर स्पष्टीकरण देना चाहिए।
यह उल्लेखनीय है कि जनार्दन मिश्रा ने रविवार को कहा था कि आंदोलन हो रहा है एथनाल नहीं चलेगा, शुद्ध पेट्रोल चलेगा। उन्होंने यह भी कहा था कि शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा।
इस बीच, जीतू पटवारी और कांग्रेस कमेटी के प्रभारी हरीश चौधरी नरसिंहपुर रोड स्थित एक लान में आयोजित संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण में शामिल हुए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया।

