बुलंद सोच, दतिया।

दतिया विधानसभा उपचुनाव में नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायक घनश्याम सिंह ने एक सम्मान समारोह के दौरान ग्वालियर रेंज के डीआईजी असित यादव और जिला पंचायत दतिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अक्षय तेम्रवाल पर चुनाव प्रभावित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
डीआईजी पर विशेष व्यवस्था के आरोप
विधायक घनश्याम सिंह ने डीआईजी असित यादव का नाम लेते हुए कहा कि डीआईजी यादव दतिया आए थे। उन्हें चुनाव के दौरान विशेष प्रकार की व्यवस्था करने की खुली छूट दी गई थी। भिंड, मुरैना सहित अन्य जिलों से पुलिस अधिकारियों को बुलाया गया और टीआई-थानेदारों सहित 15-20 अधिकारियों की एक टीम तैयार की गई थी।
मतदान प्रक्रिया प्रभावित करने की योजना
विधायक के अनुसार, योजना थी कि दोपहर तीन बजे के बाद कुछ बूथों पर चारों ओर से पहुंचकर मतदान प्रक्रिया को प्रभावित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 15-20 बूथों पर ऐसे प्रयास किए गए और काले शीशे लगी गाड़ियों से कुछ लोग बूथों तक पहुंचे।
कलेक्टर-एसपी की निष्पक्ष भूमिका
इन गतिविधियों पर दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े और पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने कड़ी निगरानी रखी। उन्होंने स्पष्ट कह दिया था कि किसी भी प्रकार की अवैध कार्रवाई में प्रशासन सहयोग नहीं करेगा और जिस भी बूथ से शिकायत प्राप्त होगी, वहां तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल भेजे जाएंगे। विधायक ने कलेक्टर और एसपी की कड़ी निगरानी को तारीफ के काबिल बताया।
प्रशासन पर सरकारी दबाव का दावा
इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो के अनुसार, विधायक घनश्याम सिंह ने यह भी कहा कि उपचुनाव के दौरान सरकार का दबाव प्रशासनिक तंत्र पर था, हालांकि दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े और पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने पूरी निष्पक्षता से चुनाव कराया।
नए थाना प्रभारियों पर पक्षपात का आरोप
घनश्याम सिंह ने आरोप लगाया कि उपचुनाव के दौरान दतिया में जो नए थाना प्रभारी और टीआई पदस्थ किए गए, उनमें से अधिकांश भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थक थे। उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों ने निष्पक्ष तरीके से काम नहीं किया, हालांकि वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी के कारण वे अधिक हस्तक्षेप नहीं कर सके।
वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
विधायक ने यह भी कहा कि वे एक वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ भी आरोप लगाएंगे और यदि मामला अदालत तक जाता है तो भी वे नाम लेने से पीछे नहीं हटेंगे।
जीतू पटवारी का पुराना बयान
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने दतिया में जीत के बाद आभार सभा में कलेक्टर और एसपी पर ही निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि दोनों अधिकारियों ने मुख्यमंत्री से उपचुनाव जिताने का ठेका लिया था।

