BREAKING NEWS

जबलपुर में महिला समूहों के ऋण की किश्तें हड़पने वाले छह संगम मैनेजरों पर ₹25.44 लाख गबन का आरोप

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, जबलपुर।

सिहोरा थाना पुलिस ने भारत फाइनेंशियल इन्क्लूजन लिमिटेड की सिहोरा शाखा में कार्यरत छह संगम मैनेजरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इन पर महिलाओं से वसूली गई ऋण की किश्त और प्री-पेमेंट की राशि बैंक में जमा न करने तथा निजी उपयोग में लेने का आरोप है।

Advertisement

जांच में सामने आया है कि आरोपितों ने कुल 25 लाख 44 हजार 749 रुपये का गबन कर बैंक को नुकसान पहुँचाया है।

इस मामले में शाखा प्रबंधक गोविंद रजक की शिकायत पर पुलिस ने कृष्णकांत पांडेय उर्फ कृष्णा, सौरभ सेन, अतुल बैरागी, आकाश सिंह गौंड, पवन कुशवाहा और बृजेश सिंह को आरोपित बनाया है।

आरोपित संगम मैनेजर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को समूह ऋण देने और उसकी किश्तों की वसूली का कार्य करते थे।

आरोपितों ने महिलाओं से ऋण की किश्तें और समय से पहले ऋण बंद करने के लिए प्री-पेमेंट के रूप में राशि ली, लेकिन उसे शाखा में जमा करने के बजाय अपने व्यक्तिगत लाभ के लिए इस्तेमाल किया और बाद में फरार हो गए।

जांच में आरोपित वीएफजे मड़ई इंद्रा नगर बिलपुरा रोड निवासी अतुल बैरागी पर 40 हजार 974 रुपये, दमोह जिले के जुगराज पंचायत के ग्राम पिपरिया निवासी आकाश सिंह गौंड पर चार लाख एक हजार 39 रुपये, सतना जिले के जैतवारा महलाा महती निवासी पवन कुशवाहा पर 38 हजार 000 रुपये, कृष्णकांत पांडेय पर 12 लाख चार हजार 931 रुपये, सौरभ सेन पर आठ लाख 59 हजार 601 रुपये और दमोह जिले के पोस्ट भजिया ग्राम अमदर निवासी बृजेश सिंह पर 19 हजार 225 रुपये की राशि का गबन सामने आया है।