BREAKING NEWS
2026-10-17

आलीराजपुर में मतांतरण, पहचान छिपाने और धोखाधड़ी का आरोपी सचिन यादव उर्फ जावेद मंसूरी गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, आलीराजपुर।

आलीराजपुर जिले के सोंडवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने धर्म परिवर्तन, पहचान छिपाने और धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में फरार चल रहे आरोपित सचिन यादव उर्फ जावेद मंसूरी को गिरफ्तार किया है।

Advertisement

आरोपी को धार जिले के डही क्षेत्र से पकड़ा गया। इस मामले में आरोपी की पत्नी आरती अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, आरोपित मूल रूप से धार जिले के निसरपुर का रहने वाला है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि आरोपित ने अपनी पहचान छिपाकर सोंडवा क्षेत्र में नाम बदलकर निवास किया।

शिकायत में यह भी कहा गया कि आरोपित ने मकान मालिक की पत्नी को अपने प्रभाव में लिया और उसे धर्म परिवर्तन के लिए उकसाया। साथ ही उसे मजार पर भी लेकर गया।

शिकायत मिलने के बाद सोंडवा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने सचिन यादव उर्फ जावेद मंसूरी और उसकी पत्नी आरती के खिलाफ जान से मारने की धमकी, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, धर्म को नीचा दिखाते हुए धर्म परिवर्तन के लिए उकसाने और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया।

इसमें मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 3 और 5, एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य धाराएं भी लगाई गई हैं।

आरोपियों को पकड़ने के लिए एक पुलिस टीम बनाई गई थी। पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया के निर्देश पर और सोंडवा थाना प्रभारी आशा राजेश बामनिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश के लिए जानकारी जुटाना शुरू किया।

लगातार कोशिशों के बाद पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी धार जिले के डही क्षेत्र में है। टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी जावेद उर्फ सचिन को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। आरोपित की पत्नी आरती की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।