बुलंद सोच, मुरैना।

अखिल भारतीय किसान सभा ने किसान श्रमिकों की मांगों को लेकर 10 अगस्त को देशव्यापी ‘जेल भरो आंदोलन’ का आह्वान किया है। इस क्रम में सोमवार को मुरैना, कैलारस और सबलगढ़ में किसान गिरफ्तारी देंगे और आंदोलन करेंगे। अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव व किसान नेता बादल सरोज इस आंदोलन का नेतृत्व करने के लिए प्रमुख रूप से शामिल रहेंगे। मध्य प्रदेश किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तिवारी ने जानकारी दी कि कैलारस में किसान सुबह 11 बजे पुरानी सब्जी मंडी पर, सबलगढ़ में दोपहर 12:30 बजे गल्ला मंडी पर और मुरैना में दोपहर 1 बजे नेहरू पार्क पर एकत्रित होंगे।
अटल प्रोग्रेस वे एलाइनमेंट में बदलाव का विरोध
अशोक तिवारी ने बताया कि अटल प्रोग्रेस वे सड़क परियोजना का एलाइनमेंट बदलने का विरोध किया जा रहा है। पहले इसका एलाइनमेंट चंबल के बीहड़ों से निकालने की जानकारी मध्य प्रदेश विधानसभा में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह द्वारा प्रस्तुत की गई थी और लिखित में पटल पर रखी गई थी। अब परियोजना निदेशक एनएचएआई द्वारा भू-अर्जन अधिकारी को एक पत्र लिखा गया है, जिसमें इसे दोबारा से समतल, बहु-फसली और बेसकीमती जमीन से निकालने संबंधी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के तहत जौरा, मुरैना और श्योपुरकलां जिलों में किसानों के सर्वे नंबरों को होल्ड कर दिया गया है। सड़क को दोबारा उसी जगह से निकालने की कार्रवाई की जा रही है, जहां से यह पहले निकाली जानी थी।
बीहड़ जमीन आवंटन और शक्कर कारखाना बंद करने का मुद्दा
सबलगढ़ में अटार से निवाड़ी तक चंबल के बीहड़ों की जमीन उद्योग विभाग को आवंटित की गई है। इस जमीन पर किसान पीढ़ियों से काबिज हैं और खेती कर रहे हैं। किसानों की मांग है कि यह आवंटन रद्द किया जाए और इसे अनुपयोगी जमीन पर किया जाए। इसके अतिरिक्त, किसान 15 साल से शक्कर कारखाने को चलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। मुख्यमंत्री, मंत्रियों, सांसदों और नेताओं द्वारा बार-बार घोषणाएं और वायदे किए गए हैं, परंतु शक्कर कारखाना नहीं चलाया जा रहा है। अब इसे पूरी तरह से परिसमापन करके समाप्त किया जा रहा है, जिसका किसान श्रमिक विरोध कर रहे हैं। कारखाने को चलाने के लिए किसानों का संघर्ष जारी है और कई अन्य मांगें भी उठाई जा रही हैं।

