BREAKING NEWS
2026-07-26

बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विवेक शर्मा का इस्तीफा

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

बरकतउल्ला विश्वविद्यालय (बीयू) के कुलगुरु प्रो. विवेक शर्मा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राज्यपाल एवं कुलाधिपति ने उनका त्यागपत्र तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।
नए कुलगुरु की नियुक्ति होने तक उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन को कुलगुरु का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
राजभवन की ओर से 23 जुलाई को जारी आदेश के अनुसार, प्रो. विवेक शर्मा ने 22 जुलाई 2026 को अपना त्यागपत्र सौंपा था, जिसे कुलाधिपति ने स्वीकार करते हुए उनके कार्यभार संबंधी पूर्व आदेश को निरस्त कर दिया।
आदेश के मुताबिक, अनुपम राजन अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के कुलगुरु का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे। यह व्यवस्था अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी ताकि विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्य बिना किसी बाधा के चलते रहें।
राजभवन के आदेश में प्रो. विवेक शर्मा के इस्तीफे के कारणों का उल्लेख नहीं किया गया है।
बरकतउल्ला विश्वविद्यालय में कुलगुरु पद पर यह दूसरा बदलाव है; इससे पहले प्रो. एसके जैन भी विवादों और छात्र आंदोलन के बाद पद छोड़ चुके थे।
प्रो. एसके जैन के कार्यकाल में परीक्षा व्यवस्था, परिणामों में देरी और अन्य प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर लगातार सवाल उठे थे, जिसके विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने विश्वविद्यालय में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया था।
आंदोलन तेज होने पर उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार स्वयं विश्वविद्यालय पहुंचे और छात्रों से चर्चा की, जिसके बाद प्रो. एसके जैन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
उनके इस्तीफे के बाद प्रो. विवेक शर्मा को कुलगुरु का प्रभार सौंपा गया, लेकिन विश्वविद्यालय में लगातार उठ रहे विवाद, विभिन्न आरोपों और बढ़ते प्रशासनिक दबाव के बीच उन्होंने भी अपना प्रभार छोड़ दिया।

Advertisement