BREAKING NEWS
2026-07-25

भारतीय एथलीट एआई कंटेंट, टीम रणनीति सार्वजनिक नहीं कर सकेंगे

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्लासगो।

इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (आईओए) ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 से पहले एक नया प्रोटोकॉल लागू किया है। इसके तहत खिलाड़ियों को एआई से तैयार सामग्री पोस्ट करने, टीम के भीतर की बातें सार्वजनिक करने और निजी ब्रांड का प्रचार करने से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रोटोकॉल का उद्देश्य खिलाड़ियों का पूरा ध्यान प्रतियोगिता पर केंद्रित रखना और सोशल मीडिया से उत्पन्न होने वाले किसी भी विवाद या सुरक्षा संबंधी जोखिम से बचाव करना है। साई अधिकारियों के अनुसार, बीते कुछ वर्षों में बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के दौरान खिलाड़ियों की सोशल मीडिया गतिविधियां कई बार चर्चा और विवाद का कारण बनी हैं। कई मामलों में टीम की तैयारियों, यात्रा कार्यक्रम और अन्य संवेदनशील जानकारियां समय से पहले सार्वजनिक हो गईं। अब एआई के माध्यम से भ्रामक फोटो, वीडियो और संदेश तैयार करना भी आसान हो गया है। इन्हीं चुनौतियों को देखते हुए आईओए ने पहली बार ये नियम निर्धारित किए हैं।

Advertisement

खिलाड़ियों के लिए नियम

खिलाड़ियों के लिए निर्धारित नियमों में शामिल हैं कि वे एआई से तैयार फोटो, वीडियो या अन्य सामग्री पोस्ट नहीं करेंगे। टीम की रणनीति, चयन या आंतरिक बैठकों पर सार्वजनिक टिप्पणी नहीं करेंगे। यात्रा, ठहरने की व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़ी कोई भी जानकारी साझा नहीं करेंगे। प्रतियोगिता के दौरान निजी स्पॉन्सर या ब्रांड का प्रचार नहीं करेंगे। व्हाट्सएप समेत किसी भी मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर गोपनीय सूचनाएं प्रेषित करने से बचेंगे।

कॉमनवेल्थ गेम्स का आगाज

ग्लासगो में कॉमनवेल्थ गेम्स गुरुवार से शुरू हो रहे हैं। ओपनिंग सेरेमनी रात 10:30 बजे से होगी। इसमें भारत से मीराबाई चानू और लवलीना बोरगोहाईं फ्लैगबियरर होंगी। 11 दिन के इस टूर्नामेंट में 11 खेलों में 74 देशों के 3 हजार से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। ये खिलाड़ी 215 मेडल इवेंट्स में उतरेंगे। इन गेम्स में भारत के 126 खिलाड़ी 8 खेलों में हिस्सा लेंगे। इसमें 78 पुरुष और 48 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। दो बार के ओलंपिक मेडलिस्ट जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा टीम की अगुआई करेंगे।

भारतीय खिलाड़ियों का कार्यक्रम

भारतीय खिलाड़ी गेम्स के पहले ही दिन गुरुवार को एक्शन में होंगे। लॉन बॉल्स में भारत का सामना कनाडा और माल्टा से होगा। मुक्केबाजी के मुकाबले 24 जुलाई से शुरू होंगे। वहीं, एथलेटिक्स के सबसे बड़े मुकाबले 27 जुलाई से एक अगस्त के बीच खेले जाएंगे।