BREAKING NEWS
2026-08-04

धार भोजशाला पर स्मारक डाक टिकट को केंद्र सरकार की मंजूरी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, धार।

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री ठाकुर की मांग पर केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम सिंधिया ने भोजशाला धार पर स्मारक डाक टिकट जारी करने संबंधी प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी है। ठाकुर ने 01 जून को केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखकर ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व से समृद्ध भोजशाला पर स्मारक डाक टिकट जारी करने का आग्रह किया था। उन्होंने सिंधिया से प्रत्यक्ष रूप से भेंट कर भी इस विषय से अवगत करवाया था। विषय की गंभीरता एवं राष्ट्रीय महत्व को देखते हुए केंद्रीय संचार मंत्रालय ने इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। इसकी औपचारिक जानकारी 29 जुलाई के पत्र के माध्यम से प्रदान की गई। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री ठाकुर ने कहा कि भोजशाला केवल धार या मध्यप्रदेश की धरोहर नहीं, बल्कि भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत का एक अमूल्य प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक स्थल पर स्मारक डाक टिकट जारी होने से देश-विदेश में इसकी पहचान और अधिक सशक्त होगी तथा नई पीढ़ी भारतीय संस्कृति, इतिहास और विरासत से जुड़ने के लिए प्रेरित होगी। यह पहल धार जिले सहित पूरे मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय बनेगी। इससे भोजशाला की ऐतिहासिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई प्रतिष्ठा प्राप्त होगी तथा सांस्कृतिक पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा। ठाकुर ने यह भी कहा कि क्षेत्र की आस्था, विरासत और जनभावनाओं से जुड़े प्रत्येक विषय को केंद्र सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और उनके सकारात्मक समाधान के लिए उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

जनकल्याण शिविरों में आवेदन

इंदौर में जनकल्याण शिविरों में खसरा-खतौनी, नामांतरण और सीमांकन के लिए 1.11 लाख से ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए।

Advertisement