बुलंद सोच, इंदौर।
अंतरराष्ट्रीय बुलियन मार्केट में कीमती धातुओं के लिए सप्ताह की शुरुआत सकारात्मक रही। सोना बढ़कर फिर से 4050 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता देखा गया।
इसी के साथ कच्चे तेल के दामों में गिरावट देखी गई है। कच्चे तेल के भाव अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 4 प्रतिशत कमजोर हुए और 80 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गए। जबकि जुलाई माह में कच्चा तेल 23 प्रतिशत बढ़ा था।
अगस्त के पहले कारोबारी दिवस में बाजार में यह बदलाव अमेरिका-ईरान के बदले रुख और शांति बहाली की उम्मीदों से नजर आ रहा है। दरअसल ट्रंप ने बयान दिया है कि ईरान के साथ शांति वार्ता फिर पटरी पर आएगी और शांति बहाली के लिए चर्चा शुरू करेंगे। उन्होंने कहा है कि ईरान और अन्य मध्य पूर्वी देशों ने एक ऐसे समझौते को अंतिम रूप देने के लिए अधिक समय मांगा है, जिससे होर्मुज जलडमरूमध्य फिर से खुल सके और तेहरान का परमाणु खतरा समाप्त हो सके।
इससे बाजारों ने क्षेत्र में तत्काल तनाव बढ़ने की संभावना को कम आंका। इन टिप्पणियों के बाद एशियाई कारोबार की शुरुआत में तेल की कीमतें 5 डॉलर प्रति बैरल से अधिक गिर गईं, जिससे यह डर कम हुआ कि लंबे समय तक आपूर्ति बाधाएं महंगाई को ऊंचा बनाए रखेंगी और सख्त मौद्रिक नीति की जरूरत पड़ेगी।
अमेरिकी डॉलर इंडेक्स भी 100 के स्तर से नीचे फिसल गया। इससे सोने के प्रति फिर से निवेशकों का आकर्षण जागा।
दूसरी ओर चीन से आ रहे आंकड़े भी चांदी को सपोर्ट करते दिखे। बीते दिनों की औद्योगिक उत्पादन की मंदी से उलट अब चीन से उत्पादन बढ़ने और आगामी सीजन के लिए निर्यात ऑर्डर बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। इससे औद्योगिक मांग की उम्मीद से चांदी भी फिर से तेज होती दिख रही है।
इंदौर सराफा में सोमवार को सोने के दाम में 300 रुपये की तेजी देखी गई। सोना मजबूत होकर 141800 रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया। हालांकि आरटीजीएस में सोने के दाम स्थिर बने रहे।
इसी तरह इंदौर में चांदी के भाव में भी 1000 रुपये की मजबूती रही। चांदी चौरसा नकद में 2,20500 रुपये प्रति किलो बोली गई।
कॉमेक्स वायदा में सोना वायदा 4053 डॉलर तक जाने के बाद ऊपर में 4082 डॉलर और नीचे में 4040 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता देखा गया। चांदी वायदा 58.19 डॉलर तक जाने के बाद ऊपर में 58.61 डॉलर और नीचे में 57.65 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
इंदौर के बंद भाव में सोना केडबरी रवा नकद में 141800 रुपये प्रति दस ग्राम रहा। सोना आरटीजीएस में 142200 रुपये (जीएसटी अतिरिक्त) और सोना 22 कैरेट 130300 रुपये प्रति दस ग्राम (जीएसटी अतिरिक्त) रहा। शनिवार को सोना 141500 रुपये पर बंद हुआ था।
चांदी चौरसा 220500 रुपये, आरटीजीएस 216300 रुपये, चांदी टंच 221000 रुपये प्रति किलो और चांदी सिक्का 2550 रुपये (प्रति नग) के भाव बोले गए। शुक्रवार को चांदी 216300 रुपये पर बंद हुई थी।

