BREAKING NEWS
2026-08-14

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 22 लाख महिलाओं और 35 लाख हितग्राहियों के खातों में ₹311 करोड़ अंतरित किए

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय से सिंगल क्लिक के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की पेंशन राशि तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना अंतर्गत गैस सिलेंडर रिफिल के ₹311 करोड़ पात्र बहनों के खातों में अंतरित किए।

Advertisement

मुख्यमंत्री ने विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत प्रदेश के 35 लाख 25 हजार से अधिक पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में ₹211 करोड़ 53 लाख अंतरित किए। यह राशि जुलाई 2026 की पेंशन के रूप में संबंधित हितग्राहियों के खातों में जमा की गई।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 22 लाख 20 हजार से अधिक बहनों के खातों में अप्रैल और मई 2026 की गैस सिलेंडर रिफिल की राशि भी सिंगल क्लिक से अंतरित की। इन बहनों के खातों में लगभग ₹99 करोड़ की दो माह की सब्सिडी पहुंचाई गई है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिलों में मौजूद हितग्राहियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग के विकास और कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने अंत्योदय को अंतिम लक्ष्य बताते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता समर्पण भाव से सबकी सेवा करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के लिए नागरिकों के सम्मान और सबकी खुशी से बढ़कर कोई त्योहार नहीं है। इसलिए आने वाले त्योहारों पर सबसे पहले बुजुर्गों को पेंशन राशि अंतरित करने का फैसला लिया गया। उन्होंने बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि सावन बहनों का माह होता है और उनके खुश न होने पर घर में रौनक नहीं होती। मुख्यमंत्री ने इसे अभी से रक्षाबंधन का उपहार देना बताया।

मुख्यमंत्री ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रदेश के सभी नागरिकों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाने का आह्वान किया। कार्यक्रम को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने भी संबोधित किया।