BREAKING NEWS
2026-08-04

दतिया उपचुनाव हार पर भाजपा की भोपाल में समीक्षा बैठक आज, सीएम डॉ. मोहन यादव होंगे शामिल

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली हार के बाद भारतीय जनता पार्टी ने परिणामों की विस्तृत समीक्षा करने का निर्णय लिया है। इसी सिलसिले में मंगलवार को भोपाल स्थित प्रदेश कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।

Advertisement

3 अगस्त को हुई मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को 6,016 मतों से पराजित किया था। घनश्याम सिंह को 66,757 वोट मिले, जबकि आशुतोष तिवारी को 60,741 मत प्राप्त हुए थे। इस जीत के साथ कांग्रेस ने दतिया सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा।

हार के कारणों की विस्तृत समीक्षा

चुनाव परिणाम आने के तुरंत बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने स्पष्ट किया था कि पार्टी हार के सभी कारणों की गहराई से समीक्षा करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन में अनुशासन सर्वोपरि है और यदि भितरघात या अनुशासनहीनता की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने के फैसले पर भी चर्चा होगी। पार्टी के भीतर यह माना जा रहा है कि प्रत्याशी परिवर्तन से स्थानीय स्तर पर असंतोष पैदा हुआ, जिसका असर चुनाव परिणाम पर दिखाई दिया।

समीक्षा बैठक में चुनाव प्रचार के दौरान कार्यकर्ताओं की सक्रियता, संगठन की चुनावी रणनीति और भितरघात की आशंकाओं से जुड़ी रिपोर्टों पर भी मंथन किया जाएगा। नरोत्तम मिश्रा के अपने स्थानीय पोलिंग बूथ पर भाजपा प्रत्याशी का पिछड़ना भी पार्टी के लिए चिंता का विषय माना जा रहा है, जिस पर बैठक में विशेष रूप से चर्चा होने की संभावना है।