BREAKING NEWS
2026-08-04

दतिया उपचुनाव: शुरुआती रुझानों में कांग्रेस आगे, भोपाल में भाजपा कार्यालय में सन्नाटा; कांग्रेस में जश्न

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझानों के साथ ही राजधानी भोपाल में राजनीतिक माहौल में बदलाव देखा गया। शुरुआती बढ़त में कांग्रेस प्रत्याशी के आगे निकलते ही प्रदेश भाजपा कार्यालय में सन्नाटा छा गया। इसके विपरीत, प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने जश्न की तैयारियां शुरू कर दीं।

Advertisement

भाजपा प्रदेश कार्यालय में उपमुख्यमंत्री कुछ चुनिंदा कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद रहे। वहीं, कांग्रेस कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुट गए। दोनों दलों के नेता मतगणना के प्रत्येक राउंड पर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं।

अभी तक के मतगणना राउंड की समाप्ति तक कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी से आगे चल रहे हैं।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जश्न

कांग्रेस उम्मीदवार की जीत को नजदीक देखते हुए कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। ढोल और बाजों के साथ कार्यकर्ता थिरकते नजर आए। वे एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं और खुशी जाहिर कर रहे हैं।

उम्मीदवार और वर्तमान स्थिति

दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा और कांग्रेस सहित कुल 21 प्रत्याशी मैदान में हैं। भाजपा ने पहली बार चुनाव लड़ रहे आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने अनुभवी नेता घनश्याम सिंह पर दांव लगाया है।

फिलहाल शुरुआती रुझानों में कांग्रेस को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है, हालांकि अंतिम परिणाम मतगणना पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।