BREAKING NEWS
2026-08-02

ग्वालियर इंटरनेशनल कॉल सेंटर फर्जीवाड़ा: 29 बैंक खाते चिह्नित, रोजाना 50 हजार से अधिक का लेनदेन

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर में अमेरिकी नागरिकों को ठगने के आरोप में चार आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। इन आरोपियों से जब्त मोबाइल और लैपटॉप की जांच में अब तक 29 बैंक खाते चिह्नित किए गए हैं। इन खातों का इस्तेमाल अमेरिकी नागरिकों से ठगी गई रकम के लेनदेन के लिए किया जाता था।

Advertisement

आरोपियों के मोबाइल से मिले शुरुआती रिकॉर्ड के अनुसार, इन खातों के माध्यम से प्रतिदिन 50 हजार रुपये से अधिक का अवैध लेनदेन किया जा रहा था। यह समस्त राशि अमेरिकी नागरिकों से ठगी गई थी।

पुलिस ने जब्त किए गए सात मोबाइलों को गहन तकनीकी जांच और डिलीट किए गए डेटा की रिकवरी के लिए साइबर फोरेंसिक विशेषज्ञों के पास भेजा है।

पुलिस ने पिछले सप्ताह ग्वालियर-शिवपुरी हाईवे पर मोहना इलाके में स्थित होटल जैनपथ के कमरा नंबर-छह में ठगी के एक अंतरराष्ट्रीय कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया था। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने राजपूत अभिषेक, आर्यन राजपूत, शुभोम घोष और शिवेंद्र नरेंद्र सिंह परिहार नामक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। ये चारों आरोपी गुजरात, नागालैंड और उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। ये आरोपी अमेरिकी नागरिकों को ऋण दिलाने का झांसा देकर उन्हें ठगी का शिकार बनाते थे।