बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर शहर में वर्षा का सिस्टम बना हुआ है, हालांकि सिर्फ घने बादल बिना बरसे निकल जा रहे हैं। सोमवार को सुबह से आसमान में बादलों के कारण धूप-छांव का क्रम जारी रहा। बादल छाए रहने के कारण अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई।
मानसून वापसी की संभावना
मौसम विभाग ने दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं। संभावना है कि 19 सितंबर से पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी शुरू हो जाएगी।
तापमान और वर्षा का विवरण
इस बीच शहर में हल्की वर्षा की संभावना बनी हुई है। रविवार की शाम को ग्वालियर में कुछ मिनटों के लिए तेज वर्षा हुई थी, जबकि सोमवार को बादल शांत रहे। बादलों के बीच से धूप भी निकलती रही। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार को अधिकतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
मौसमी प्रणालियों की स्थिति
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और उत्तरी गुजरात के ऊपर पहुंच गया है। मानसून ट्रफ भी अब नलिया, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, उत्तरी गुजरात के ऊपर स्थित कम दबाव के क्षेत्र के केंद्र से होते हुए राजगढ़, दमोह, पेंड्रा रोड, राउरकेला और दीघा से होकर बंगाल की खाड़ी तक विस्तृत है।
आगामी दिनों का पूर्वानुमान
इन मौसमी प्रणालियों के कारण फिलहाल शहर में तेज वर्षा की संभावना नहीं है। अगले 24 घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।

