BREAKING NEWS
2026-08-02

ग्वालियर में 22 वर्षीय फोटोग्राफर की आत्महत्या, भाभी से एकतरफा प्रेम का खुलासा

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर शहर के सिकंदर कंपू इलाके में एक 22 वर्षीय फोटोग्राफर ने आत्महत्या कर ली है। यह मामला एकतरफा प्रेम से जुड़ा बताया जा रहा है।

Advertisement

सिकंदर कंपू स्थित गड्ढे वाला मोहल्ला निवासी मोंटी मोरे नामक युवक फोटोग्राफी का काम करता था। गुरुवार शाम को बाजार से घर लौटने के बाद उसने अपने कमरे में फांसी लगा ली।

जब उसकी बहन पल्लवी कमरे में पहुंची, तो उसने मोंटी को फांसी के फंदे से लटका पाया। भाई का शव देखकर पल्लवी की चीख निकल गई, जिसके बाद घर के अन्य सदस्य और पड़ोसी मौके पर पहुंचे।

सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कमरे की तलाशी ली, इस दौरान एक सुसाइड नोट बरामद हुआ।

पुलिस द्वारा जब्त किए गए सुसाइड नोट में मोंटी ने अपनी 20 साल बड़ी भाभी से एकतरफा प्रेम का जिक्र किया है। उसकी भाभी की उम्र लगभग 41 वर्ष बताई गई है। यह भी सामने आया है कि मोंटी ने कई बार अपने प्रेम का इजहार किया था, जिसकी जानकारी उसकी भाभी ने परिवार के अन्य सदस्यों को दे दी थी।

सुसाइड नोट में मोंटी ने अपनी मम्मी और दीदी से माफी मांगते हुए लिखा, “मैं सपना (महिला का परिवर्तित नाम) से बहुत प्यार करता हूं, उसके बिना नहीं रह सकता। इसलिए मैं अपना जीवन समाप्त कर रहा हूं।” उसने यह भी लिखा कि उसे परिवार के सदस्य बुरा समझते थे, इसलिए वह यह कदम उठा रहा है।

नोट में आगे लिखा है, “उसे (सपना को) बता देना कि मैं उससे बहुत प्यार करता था और हमेशा करता रहूंगा। आप सपना को इस नंबर पर खबर दे देना कि मैं इस दुनिया में नहीं रहा। मेरे चक्कर में आप सब सपना से कुछ मत बोलना, मैं उससे बहुत प्यार करता हूं।”

मोंटी ने यह भी लिखा, “मम्मी, तुम बोलती थी न कि मर जा, तो मर रहा हूं। मरने के बाद मुझे इंसाफ चाहिए, जिसकी जिम्मेदार सपना है, सब लोग मुझे माफ कर देना, मैं जा रहा हूं।”

गिरवाई थाना पुलिस ने इस संबंध में मर्ग कायम कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर लिया है और मामले में स्वजन के बयान दर्ज किए जाने बाकी हैं।