बुलंद सोच, ग्वालियर।
ग्वालियर में सोमवार को राजस्व अधिकारियों और पुलिस टीम पर पथराव किया गया, जब वे एक सेवानिवृत्त सैनिक को उनके मकान का कब्जा दिलाने पहुंचे थे। यह कार्रवाई हाई कोर्ट के आदेश के तहत की जा रही थी।
थाटीपुर स्थित यमुना नगर में सेवानिवृत्त सैनिक भारत सिंह गुर्जर का मकान है, जहां से उनके बेटे और बहू ने उन्हें बेदखल कर दिया था। इस मामले में कलेक्टर और एडीएम के आदेश के बाद भी बेटे द्वारा मकान खाली न करने पर हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई थी।
हाई कोर्ट ने एक सप्ताह के भीतर कब्जा दिलाने का आदेश दिया था और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस बल का प्रयोग करने के भी निर्देश दिए थे। इसके अतिरिक्त, एक सप्ताह की अवधि पूरी होने के बाद अनुपालन रिपोर्ट भी हाई कोर्ट के प्रधान रजिस्ट्रार के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। यह आदेश भारत सिंह गुर्जर द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान पारित किया गया था।
याचिका में भारत सिंह गुर्जर ने बताया था कि वे 59 वर्षीय सेवानिवृत्त सैनिक हैं और ग्वालियर के थाटीपुर स्थित यमुना नगर, दर्पण कॉलोनी में मकान नंबर-62 के मालिक हैं। उनका आरोप था कि उनके बेटे और बहू ने उन्हें उनके ही मकान से जबरन बेदखल कर दिया था। इसके बाद उन्होंने माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007 के तहत कार्रवाई शुरू की थी।
एसडीएम मुरार द्वारा गठित दल के मौके पर पहुंचने पर हमीर सिंह पुत्र भारत सिंह गुर्जर और सीमा पत्नी हमीर सिंह गुर्जर ने ईंट-पत्थर फेंके। उन्होंने जान से मारने की धमकी दी और कानून व्यवस्था की स्थिति बिगाड़ने का प्रयास किया। इसके साथ ही, गैस सिलेंडर से पाइप निकालकर खुद व बच्चों को मारने की धमकी भी दी गई।
इस घटना के मद्देनजर थाटीपुर थाना पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
कलेक्टर न्यायालय द्वारा 22 सितंबर 2023 और 03 अक्टूबर 2024 को पारित आदेशों के साथ-साथ उच्च न्यायालय द्वारा 20 जुलाई 2026 को दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए एक दल का गठन किया गया था। अनुविभागीय दण्डाधिकारी मुरार नरेश गुप्ता द्वारा गठित इस दल में तहसीलदार सिटी सेंटर कुलदीपक दुबे, तहसीलदार तहसील मुरार मुधलिका सिंह तोमर, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट सिटी सेंटर सुरेश यादव, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट मुरार मुन्नालाल गौड़, थाना प्रभारी थाटीपुर एवं मदाखलत अधिकारी नगर पालिक निगम ग्वालियर शामिल थे।

