बुलंद सोच, जबलपुर।
जबलपुर के अधारताल निवासी हिमांशु सोनी ने मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC 2024) के परिणामों में डिप्टी कलेक्टर पद पर चयनित होकर शहर का नाम रोशन किया है। उन्होंने दिव्यांग कोटे में पहली रैंक और सामान्य मेरिट लिस्ट में 13वीं रैंक प्राप्त की है।
हिमांशु ने बताया कि दिव्यांग होने के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी। वह वर्तमान में मध्य प्रदेश राज्य प्रशासनिक सेवा में सहायक संचालक लोक शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं।
MPPSC 2024 की मुख्य परीक्षा पहले ही हो चुकी थी, लेकिन उन्हें 28 अगस्त को इंदौर में साक्षात्कार देना था। गंभीर चोट के बावजूद, हिमांशु ने अपने बड़े भाई चैतन्य सागर की मदद से एंबुलेंस से इंदौर पहुंचकर साक्षात्कार दिया था। उन्होंने एंबुलेंस में ही साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी की और अंततः डिप्टी कलेक्टर पद के लिए चयनित हुए।
हिमांशु ने बताया कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच परिवार और आत्मविश्वास ने उन्हें मजबूत बनाया। वह पहले भी MPPSC 2022 परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके थे, लेकिन उनका लक्ष्य डिप्टी कलेक्टर बनना था। इस बार उन्होंने अपनी रणनीति बदली, अपने अनुभव से सीखा और लगातार कड़ी मेहनत की।
अपनी इस उपलब्धि का श्रेय हिमांशु ने अपनी मां माधवी सोनी और पिता महेंद्र सोनी को दिया है, जो दोनों सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अक्षमता सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती।
