BREAKING NEWS
2026-07-24

कल्याण बनर्जी पूरे मानसून सत्र के लिए लोकसभा से निलंबित

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच।

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद कल्याण बनर्जी को बुधवार को मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए लोकसभा से निलंबित कर दिया गया है। उन पर असंसदीय भाषा का इस्तेमाल करने और तृणमूल कांग्रेस के बागी सांसद को ‘चोर’ कहने का आरोप है।

यह कार्रवाई मानसून सत्र के लगातार तीसरे दिन विपक्ष के हंगामे के बीच हुई। हंगामे के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही तीन बार स्थगित हुई। विपक्षी सदस्य नीट पेपर लीक, सीजेपी के प्रदर्शन पर लाठीचार्ज और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर चर्चा के लिए अड़े रहे।

Advertisement

निलंबन से पहले, कल्याण बनर्जी की एनसीपीआई सांसदों मिताली बैग, शताब्दी रॉय और काकोली घोष दस्तीदार समेत अन्य सांसदों के साथ बहस हुई थी। ये तीनों सांसद पहले टीएमसी से जुड़ी थीं, लेकिन बाद में पार्टी से अलग होकर एनसीपीआई में शामिल हो गईं। कल्याण बनर्जी टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी के साथ बने हुए हैं।

उन्हें सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद इन सांसदों के साथ बहस करते हुए देखा गया। हालांकि, इस विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई, यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका। कई विपक्षी सांसदों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराने की कोशिश की। कुछ सदस्यों द्वारा विवाद के बारे में पूछे जाने पर कल्याण बनर्जी लोकसभा कक्ष से बाहर चले गए।

इस विवाद के बाद मिताली बैग, काकोली घोष दस्तीदार और अन्य एनसीपीआई सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से उनके कक्ष में मुलाकात कर यह मुद्दा उठाया।

यह विवाद तृणमूल कांग्रेस में हुए विभाजन की पृष्ठभूमि में सामने आया है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद टीएमसी के करीब 20 सांसदों ने नेतृत्व के खिलाफ बगावत कर दी थी और नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) में शामिल हो गए थे।

बागी सांसदों ने लोकसभा में टीएमसी सांसदों से अलग बैठना शुरू कर दिया था और सार्वजनिक रूप से सत्तारूढ़ एनडीए सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना समर्थन देने का एलान किया था।