BREAKING NEWS
2026-08-14

इंदौर में सोने और चांदी में बढ़त जारी, सोना दो माह के उच्च स्तर पर

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

अंतरराष्ट्रीय बुलियन मार्केट में सोने ने एक बार फिर दो माह का उच्च स्तर छू लिया है। सोना 4400 डॉलर प्रति औंस के स्तर के पार पहुंच गया। अमेरिका से रोजगार के आंकड़े कमजोर आ रहे हैं। अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा जल्द ही ब्याज दरें बढ़ाने की उम्मीद अभी बाजार को नहीं है, बाजार अब सितंबर में ब्याज दरें बढ़ने की संभावना भी घटकर 44 प्रतिशत मान रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में फिजिकल गोल्ड की मांग बनी हुई है और चीन का केंद्रीय बैंक लगातार गोल्ड होल्डिंग बढ़ा रहा है। अमेरिका-ईरान के मामले पर भी बाजार आश्वस्त नहीं है, बाजार का मानना है कि संघर्ष कभी भी फिर शुरू हो सकता है क्योंकि बीते समय से जारी युद्ध विराम प्रस्ताव पर अब इजरायल की ओर से विपरीत प्रतिक्रिया आई है। परिणामस्वरूप, अंतरराष्ट्रीय बुलियन मार्केट में निवेशकों की मांग और मिली-जुली फिजिकल डिमांड रहने से सोने-चांदी वायदा में बढ़त का सिलसिला जारी रहा।

Advertisement

मंगलवार को कामेक्स पर सोना वायदा 31 डॉलर उछलकर 4371 डॉलर प्रति औंस पर और चांदी वायदा 83 सेंट और बढ़कर 64.93 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।

इसके असर से भारतीय बाजारों में दोनों कीमती धातुओं में बढ़त का सिलसिला जारी रहा। इंदौर में सोना केडबरी 300 रुपये सुधरकर 147800 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी चौरसा 1100 रुपये बढ़कर 231500 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।

इंदौर हाजिर बाजार में ग्राहकी बेहद सीमित है। अगले सप्ताह से राखी पूर्व की छुटपुट रूप से मांग बाजार में देखने को मिल सकती है।

ज्वेलर्स का मानना है कि पर्थ मिंट की सोने की बिक्री जुलाई में महीने-दर-महीने 3.8 प्रतिशत बढ़कर 30,871 औंस हो गई और साल-दर-साल इसमें 41 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।

कामेक्स वायदा पर सोना 4373 डॉलर तक जाने के बाद ऊपर में 4434 डॉलर और नीचे में 4356 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता देखा गया। चांदी 64.93 डॉलर तक जाने के बाद ऊपर में 66.47 डॉलर और नीचे में 65.22 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।

इंदौर के बंद भाव सोना केडबरी रवा नकद में 147800 रुपये, सोना आरटीजीएस में 151600 रुपये (जीएसटी अतिरिक्त) और सोना 22 कैरेट 138950 रुपये प्रति दस ग्राम (जीएसटी अतिरिक्त) रहा। सोमवार को सोना 147500 रुपये पर बंद हुआ था। चांदी चौरसा 231500 रुपये, आरटीजीएस 232500 रुपये, चांदी टंच 232000 रुपये प्रति किलो और चांदी सिक्का 2600 रुपये (प्रति नग) के भाव बोले गए। सोमवार को चांदी 230400 रुपये पर बंद हुई थी।