बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर से गुजरात और राजस्थान जाने वाले यात्रियों को अब कुमेड़ी स्थित इंटर-स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) से बसें मिलेंगी। कुमेड़ी में बने इस बस टर्मिनल को इसी अगस्त महीने में शुरू करने की तैयारी चल रही है।
प्रारंभिक चरण में यहां से लगभग 50 बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इसके बाद शहर से अन्य राज्यों को जाने वाली बसों को धीरे-धीरे इस टर्मिनल पर स्थानांतरित किया जाएगा।
कुमेड़ी आईएसबीटी 14 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है। इसकी संचालन क्षमता 1500 बसों की है और यह 50 हजार से अधिक यात्रियों को सेवा प्रदान कर सकता है।
यह टर्मिनल इंदौर को गुजरात, राजस्थान और दिल्ली समेत पड़ोसी राज्यों से जोड़ेगा।
भविष्य में यात्रियों को यहां मेट्रो रेल की सुविधा भी मिलेगी। मेट्रो स्टेशन और बस टर्मिनल को एक फुटओवर ब्रिज के माध्यम से जोड़ा जाएगा, जिससे यात्रियों के लिए शहर के भीतर आवागमन आसान हो जाएगा।
कुमेड़ी आईएसबीटी में यात्रियों के लिए रेस्टोरेंट और विभिन्न दुकानें भी उपलब्ध होंगी। यहां बनने वाले फूड कोर्ट में अलग-अलग प्रकार के खाने और नाश्ते की व्यवस्था होगी, जिससे यात्री अपनी आवश्यकतानुसार सामान खरीद सकेंगे और भोजन कर सकेंगे।
देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर की पहचान को बनाए रखते हुए, कुमेड़ी आईएसबीटी पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। टर्मिनल में मशीनों द्वारा सफाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त, यात्रियों के लिए लिफ्ट, लॉकर और पार्किंग सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
एमआर-10 ब्रिज के पास कुमेड़ी में एक नया रेलवे स्टेशन भी बनाया जाएगा।

