BREAKING NEWS
2026-07-29

इंदौर में किला मैदान तिराहा से जिंसी चौराहा सड़क की एक लेन 15 अगस्त तक होगी शुरू

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर के किला मैदान तिराहा से जिंसी चौराहा तक निर्माणाधीन मास्टर प्लान की सड़क की एक लेन 15 अगस्त तक चालू हो जाएगी। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सोमवार को किला मैदान तिराहा से जिंसी होते हुए नेमिनाथ चौराहा तक निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया और इस संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि यह मार्ग शहर के प्रमुख एवं अत्यधिक व्यस्त मार्गों में से एक है। उन्होंने बताया कि इस सड़क के पूर्ण होने से क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी तथा आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनेगा। महापौर ने निरीक्षण के दौरान क्षेत्र के नागरिकों से चर्चा कर उनकी परेशानियां भी जानीं। महापौर ने अधिकारियों से ऐसी व्यवस्था करने को कहा ताकि निर्माण के दौरान नागरिकों को कम से कम असुविधा हो और यातायात व्यवस्था चलती रहे। महापौर ने सड़क निर्माण के साथ-साथ स्टार्म वाटर लाइन, ड्रेनेज लाइन, जल प्रदाय पाइप लाइन और सीवरेज लाइन के काम की भी समीक्षा की। जिंसी में सेंटर लाइन में गड़बड़ी का आरोप लगाया गया है, जिसमें एक तरफ 15 फीट मकान कट रहा है तो दूसरी तरफ सिर्फ डेढ़ फीट।

Advertisement

जंजीरवाला चौराहा-अटल द्वार मार्ग बंद

नगर निगम द्वारा वीर सावरकर प्रतिमा (जंजीरवाला चौराहा) से अटल द्वार तक सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान 23 जुलाई से 15 सितंबर तक उक्त मार्ग के बीच में वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। जंजीरवाला चौराहा से मणप्पुरम गोल्ड लोन भवन के सामने से जीटीएस होते हुए स्टर्लिंग हाइट्स मार्ग से लक्ष्मी मेमोरियल की ओर आवागमन किया जा सकता है। वहीं, जंजीरवाला चौराहा से पारेख हाइट्स भवन चोइथराम हास्पिटल मार्ग होते हुए लक्ष्मी मेमोरियल की ओर भी आवागमन किया जा सकता है। वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन मार्गों का ही उपयोग करने और डायवर्जन संकेतकों का पालन करने की अपील की गई है। नगर निगम ने कहा है कि परिवर्तित मार्ग से आवागमन करना ज्यादा सुविधाजनक होगा और निर्माण कार्य के चलते यातायात व्यवस्था में सहयोग करें।