बुलंद सोच, इंदौर।
9 अगस्त को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष की उपस्थिति में इंदौर में एक लाख पौधे रोपे जाएंगे। इस कार्यक्रम को लेकर भाजपा इंदौर नगर और ग्रामीण की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, नगराध्यक्ष सुमित मिश्रा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक मालिनी गौड, मधु वर्मा, जिलाध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा और पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता सहित कई पदाधिकारी शामिल हुए। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि इंदौर ने रेवती रेंज में एक दिन में ही 12 लाख से अधिक पौधे लगाकर कीर्तिमान स्थापित किया था। उन्होंने यह भी कहा कि इस वर्ष 21 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस बार 8 फीट के पौधे लगाए जाएंगे, जिससे वर्षा में उनके जल्दी पनपने की संभावना बढ़ेगी।
तिरंगा अभियान और अन्य कार्यक्रम
नगराध्यक्ष सुमित मिश्रा ने जानकारी दी कि संगठन 9 अगस्त से 15 अगस्त तक तिरंगा अभियान चलाएगा। इस अभियान के तहत सभी मंडलों में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। 14 अगस्त को जिला स्तरीय बड़ी तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। कार्यकर्ताओं से आग्रह किया गया कि वे अपने-अपने बूथों पर प्रवास कर घर-घर संपर्क करें और 14 अगस्त से पहले सभी घरों में तिरंगा लगाने का आग्रह करें। मिश्रा ने यह भी बताया कि संत शिरोमणि रविदास जी की कलश यात्रा भी इंदौर पहुंचेगी और सभी मंडलों में जाएगी, जिसके भव्य स्वागत की तैयारी की जा रही है।
कृषि समीक्षा बैठक
संभागायुक्त भास्कर लक्षकार की अध्यक्षता में सोमवार को इंदौर में कृषि विभाग, सहकारिता विभाग और मण्डी बोर्ड सहित अन्य विभागों की विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। संभागायुक्त लक्षकार ने निर्देश दिए कि कृषि का रकबा बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि करने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई जाए। उन्होंने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के साथ ही जैविक उत्पादों की बिक्री के लिए ई-प्लेटफार्म सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि उत्पादों की बिक्री बढ़ सके।
मुख्यमंत्री का पौधारोपण महाअभियान
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 11 लाख पौधारोपण महाअभियान का शुभारंभ किया। इसके उपरांत कई विकास कार्यों को सरकार की बड़ी सौगात मिलेगी।

