बुलंद सोच, इंदौर।
इंदौर के रीगल ब्रिज पर मंगलवार शाम हुए एक सड़क हादसे में एक किसान की जान चली गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए किसान की देर रात अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
मृतक किसान कोर्ट में पेशी के बाद पैदल बस स्टैंड की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
छोटी ग्वालटोली थाना पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान इलियास (48) पुत्र अब्दुल रज्जाक निवासी काजी पलासिया खुडेल के रूप में हुई है।
टक्कर के बाद इलियास गंभीर रूप से घायल होकर काफी देर तक सड़क पर पड़े रहे, जिसके बाद राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने मामला दर्ज किया है। अस्पताल प्रशासन द्वारा उनके परिजनों से संपर्क किए जाने पर पता चला कि इलियास किसी मामले में कोर्ट में पेशी के लिए इंदौर आए थे। काम पूरा होने के बाद वह बस स्टैंड की ओर लौट रहे थे।
परिजनों ने बताया कि इलियास किसान थे। उनके परिवार में एक बेटा, छह बेटियां और पांच भाई हैं।
पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
