बुलंद सोच, जबलपुर।
कुंडम थाना पुलिस ने जबलपुर स्थित बीएफएस फिनसर्व लिमिटेड बैंक की स्थानीय शाखा के तीन अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इन अधिकारियों पर ग्राहकों से लोन की किस्त के रूप में वसूली गई राशि का गबन करने का आरोप है। बैंक के एरिया मैनेजर पवन कुमार रजक की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की है, जिसमें कुल एक लाख अट्ठावन हजार सात सौ ग्यारह रुपये (₹1,58,711) के गबन की पुष्टि हुई है।
बैंक की आंतरिक जांच में वित्तीय अनियमिता का पता चला। जांच में सामने आया कि उपभोक्ताओं को दी गई ऋण राशि के एवज में लगातार किस्त की राशि वसूली गई, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने मिलीभगत कर वह राशि बैंक में जमा नहीं की और उसका गबन कर लिया।
आरोपित ग्रुप लोन आफिसर हर्षिता राजपूत ने ग्राहकों से वसूले गए एक लाख सात हजार बयालीस रुपये (₹1,07,042) बैंक में जमा नहीं किए। बैंक ने उनसे बारह हजार पांच सौ चौहत्तर रुपये (₹12,574) की रिकवरी कर ली है, जबकि चौरानवे हजार पांच सौ अट्ठाईस रुपये (₹94,528) का गबन पाया गया।
तत्कालीन शाखा प्रबंधक पवन कुशवाहा पर उपभोक्ताओं से वसूले गए पैंसठ हजार दो सौ तैंतालीस रुपये (₹65,243) में से चौवन हजार पांच सौ तैंतालीस रुपये (₹54,543) जमा नहीं करने का आरोप है। बैंक उनके पास से केवल दस हजार सात सौ रुपये (₹10,700) ही वापस प्राप्त कर सका है, और अब तक उनसे कोई अन्य राशि बरामद नहीं हो सकी है।
ग्रुप लोन आफिसर रोशन पटेल ने नौ हजार छह सौ चालीस रुपये (₹9,640) की वसूली बैंक में जमा नहीं की है, और अब तक उनसे भी कोई राशि बरामद नहीं हो सकी है।
शिकायत के आधार पर कुंडम थाना पुलिस ने हर्षिता राजपूत, पवन कुशवाहा और रोशन पटेल के विरुद्ध अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले में दस्तावेजों की जांच कर आरोपितों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

