बुलंद सोच, बड़वानी।
जिले की सिलावद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भिंड के दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन आरोपियों के पास से 12 अवैध हथियार जब्त किए हैं। पुलिस फरार आरोपियों एवं हथियार सप्लाय नेटवर्क की जांच में जुटी है। सिलावद पुलिस ने बुधवार शाम को इस मामले का राजफाश किया।
सिलावद थाना प्रभारी रामकृष्ण लौवंशी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बाइक से इंदौर से पलसूद क्षेत्र में अवैध हथियार खरीदने आए हैं और हथियार लेकर सिलावद होते हुए वापस जाने वाले हैं। सूचना की तस्दीक कर थाना स्तर पर टीम गठित की गई। इसके बाद पलसूद-सिलावद मार्ग पर सघन वाहन चेकिंग की गई। वाहन चेकिंग के दौरान ग्राम हिरकराय के समीप मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए की मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई।
हथियारों की बरामदगी और पूछताछ
आरोपियों के पास मौजूद बैग की तलाशी लेने पर उसमें छह देशी 32 बोर पिस्टल एवं छह देशी 12 बोर कट्टे छिपाकर रखे मिले। पुलिस द्वारा उक्त हथियारों के संबंध में वैध लाइसेंस मांगने पर आरोपियों ने पुलिस को बरगलाने का प्रयास किया। वैध लाइसेंस नहीं मिलने पर पुलिस ने विपेंद्रसिंह वीरसिंह सिकरवार, निवासी ग्राम खिरोली, थाना अमायन, जिला भिंड, तथा अंकुशसिंह उदयसिंह चौहान, निवासी ग्राम रहावली, थाना लहार, जिला भिंड को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी लौवंशी ने बताया कि मामले में अन्य आरोपी बबलू ठाकुर, निवासी भिंड, तथा एक अन्य सिकलीगर के विरुद्ध भी आयुध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस बबलू ठाकुर एवं सिकलीगर की तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से छह नग देशी 32 बोर पिस्टल, छह नग देशी 12 बोर कट्टे, एक बाइक और एक मोबाइल फोन सहित करीब दो लाख तीन सौ रुपये का माल जब्त किया गया।
थाना प्रभारी लौवंशी ने आगे बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने प्रारंभिक रूप से जानकारी दी कि वे उक्त हथियार कृष्णा नामक सिकलीगर, निवासी उंडीखोदरी, थाना पलसूद, से खरीदकर भिंड निवासी बबलू ठाकुर के लिए लेकर जा रहे थे।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
आरोपियों की आपराधिक गतिविधियों की जानकारी सर्च करने पर सामने आया है कि आरोपी अंकुश उदयसिंह राजपूत (चौहान) के विरुद्ध थाना कंपू, ग्वालियर में आर्म्स एक्ट तथा थाना लहार, जिला भिंड में आर्म्स एक्ट के गंभीर अपराध दर्ज होना पाया गया है। वहीं, आरोपी विपेंद्रसिंह वीरसिंह सिकरवार के विरुद्ध क्राइम ब्रांच ग्वालियर में आर्म्स एक्ट का प्रकरण भी पंजीबद्ध होना पाया गया है।
पुलिस टीम की भूमिका
एसपी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में थाने के सहायक उपनिरीक्षक हेमराज वर्मा, प्रधान आरक्षक संदेश, आरक्षक अंतरसिंह रावत एवं सुनील की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

